48 घंटे में अपहृत युवक को सकुशल छुड़ाने वाली टीम को प्रदेश स्तर पर मिला सम्मान
देवास के दो पुलिस अधिकारियों को मिला रुस्तम जी अवॉर्ड
देवास। देवास पुलिस ने एक बार फिर प्रदेश स्तर पर अपनी कार्यकुशलता का परचम लहराया है। वर्ष 2023 में हुए 40 लाख रुपये की फिरौती और अपहरण के सनसनीखेज मामले का सफल खुलासा करने पर तत्कालीन नगर पुलिस अधीक्षक दीशेष अग्रवाल एवं तत्कालीन थाना प्रभारी औद्योगिक क्षेत्र शशिकांत चौरसिया को प्रतिष्ठित "के.एफ. रुस्तम जी अवॉर्ड-2024" से सम्मानित किया गया है।
मामला थाना औद्योगिक क्षेत्र क्षेत्र का था, जहां गंगानगर निवासी ललित सोनी के पुत्र भावेश उर्फ शिब्बू सोनी का कुछ आरोपियों ने देशीyjnbn
कट्टा उपलब्ध कराने के बहाने अपहरण कर लिया था। आरोपियों ने युवक को बंधक बनाकर परिजनों से 40 लाख रुपये की फिरौती मांगी थी, जिससे पूरे जिले में सनसनी फैल गई थी।
प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए तत्कालीन सीएसपी दीशेष अग्रवाल के मार्गदर्शन एवं निरीक्षक शशिकांत चौरसिया के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। तकनीकी विश्लेषण, मुखबिर तंत्र और सतत निगरानी के आधार पर पुलिस ने मात्र 48 घंटे के भीतर अपहृत युवक को सकुशल मुक्त कराते हुए आरोपियों को गिरफ्तार कर पूरे गिरोह का पर्दाफाश किया था।
इस चुनौतीपूर्ण ऑपरेशन में प्रदर्शित उत्कृष्ट नेतृत्व, समन्वय और पेशेवर पुलिसिंग को देखते हुए पुलिस महानिदेशक द्वारा दोनों अधिकारियों को के.एफ. रुस्तम जी अवॉर्ड-2024 प्रदान किया गया।
उपलब्धियों का सिलसिला जारी
उल्लेखनीय है कि पिछले एक वर्ष में देवास पुलिस के 8 अधिकारियों को डीजी डिस्क, 3 अधिकारियों को रुस्तम जी अवॉर्ड, 2 अधिकारियों को मुख्यमंत्री उत्कृष्टता पुरस्कार तथा 8 अधिकारियों को केंद्रीय गृहमंत्री पुरस्कार प्राप्त हो चुके हैं। पुलिस अधीक्षक पुनीत गेहलोद ने सभी अधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए उत्कृष्ट कार्य के लिए लगातार प्रेरित किया है।
फैक्ट बॉक्स
• प्रकरण : 40 लाख फिरौती एवं अपहरण कांड
• वर्ष : 2023
• खुलासा : 48 घंटे में
• सम्मान : के.एफ. रुस्तम जी अवॉर्ड-2024
• सम्मानित अधिकारी : दीशेष अग्रवाल एवं शशिकांत चौरसिया
• उपलब्धि : अपहृत युवक की सकुशल बरामदगी व गिरोह का पर्दाफाश।