राष्ट्रीय सम्मान से बढ़ा हिमाचल का मान, उस्ताद बिस्मिल्लाह ख़ाँ युवा पुरस्कार मिलने पर लोक गायक इन्द्र जीत ने प्रदेशवासियों का जताया आभार
सम्मान को हिमाचली संस्कृति, लोक कलाकारों और सांस्कृतिक विरासत को किया समर्पित
गोहर:-संजीव कुमार
हिमाचली लोक गायक इन्द्र जीत को भारत सरकार के प्रतिष्ठित राष्ट्रीय पुरस्कार ‘उस्ताद बिस्मिल्लाह ख़ाँ युवा पुरस्कार’ से सम्मानित किए जाने पर उन्होंने प्रदेशवासियों, अपने परिवार, साथी कलाकारों और प्रशंसकों का हृदय से आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय स्तर पर मिले इस सम्मान के साथ उनकी जिम्मेदारी भी बढ़ गई है। भविष्य में भी वह पूरी निष्ठा, समर्पण और ईमानदारी के साथ अपनी माटी, संस्कृति और हिमाचल की पहचान को आगे बढ़ाने के लिए निरंतर प्रयास करते रहेंगे।
लोक गायक इन्द्र जीत ने कहा कि यह सम्मान केवल उनकी व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं है, बल्कि हिमाचल प्रदेश की प्राचीन एवं समृद्ध संस्कृति, प्रदेश के समस्त लोक कलाकारों और सांस्कृतिक विरासत का सम्मान है। इस सफर में लोगों से मिले प्यार, स्नेह, आशीर्वाद और सहयोग ने उन्हें हमेशा बेहतर कार्य करने की प्रेरणा दी है।
उन्होंने समस्त प्रदेशवासियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह राष्ट्रीय सम्मान वह अपने हिमाचल को समर्पित करते हैं। उन्होंने ‘हमारी संस्कृति, हमारी पहचान’ का संदेश देते हुए हिमाचल की लोक संस्कृति और परंपराओं को आगे बढ़ाने का संकल्प दोहराया।
Mandi, Mandi | Oct 19, 2026