तिलैया थाना गुमो के सतपुलिया रोड स्थित नकली पैंथर बनकर डराने-धमकाने और रुपये-मोबाइल छीनने का आरोप, पुलिस जांच में जुटी
तिलैया थाना गुमो के सतपुलिया रोड स्थित आरएन फर्नीचर दुकान के पीछे 14 सितंबर की रात करीब 8:30 से 9 बजे के बीच नकली पैंथर बनकर एक युवक के साथ मारपीट कर 5 हजार रुपये और मोबाइल छीनने का मामला सामने आया है। आरोप है कि कैलाश उर्फ कारू ने झलपो निवासी धीरज कुमार को डराया-धमकाया और उसके साथ मारपीट की। पीड़ित युवक ने बताया कि आरोपित ने वो मोबाइल को अनलॉक कर उसमें मौजूद घरेलू तस्वीरें भी अपने मोबाइल में ले लीं।
परिजनों द्वारा पूछताछ करने पर धीरज ने बताया कि आरोपित पैंथर की वर्दी में नहीं था और न ही वह पीसीआर वाहन में था। इसके बाद परिजनों को उसके नकली पैंथर होने का संदेह हुआ। 15 सितंबर को जब परिजनों ने इस संबंध में आरोपित से पूछताछ की तो कथित तौर पर उसने लाठी-डंडे से हमला कर दिया। इसके बाद परिजनों ने 112 पर सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक आरोपित पक्ष घर में ताला लगाकर फरार हो चुका था। मामले को लेकर राजकुमार के परिवार की ओर से आवेदन दिया गया है। पुलिस मामले की जांच-पड़ताल कर रही है।
Koderma, Kodarma | Sep 16, 2026