चलती ट्रेन में महिला ने दिया बच्ची को जन्म, RPF ने दिखाई तत्परता
कोडरमा। कोडरमा-दानापुर राजगीर एक्सप्रेस में बुधवार को एक महिला ने बच्ची को जन्म दे दिया। जानकारी के अनुसार, ट्रेन संख्या 13233 अप के साधारण कोच में सफर कर रही 27 वर्षीय काजल कुमारी को अचानक प्रसव पीड़ा शुरू हो गई। महिला के साथ उसकी ननद और दो छोटे बच्चे भी थे।
ड्यूटी पर तैनात आरपीएफ जवानों ने महिला की हालत देख तत्काल मदद शुरू की। स्थानीय सामुदायिक अस्पताल फतेहपुर से एंबुलेंस की व्यवस्था कर पहाड़पुर स्टेशन पर तैनात आरपीएफ स्टाफ को भी सूचना दी गई।
ट्रेन के 15 बजकर 56 मिनट पर पहाड़पुर स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 3 पर पहुंचते ही आरपीएफ जवानों और पोर्टर की मदद से महिला को स्ट्रेचर के जरिए एंबुलेंस तक पहुंचाया गया। इसके बाद उसे सामुदायिक अस्पताल फतेहपुर भेजा गया।
आरपीएफ के अनुसार जच्चा और बच्चा दोनों स्वस्थ हैं।