नशे पर पुलिस का डबल वार, 3690 नशीली गोलियां-कैप्सूल बरामद
- बणी और हारनी खुर्द में अलग-अलग कार्रवाई; सीआईए ऐलनाबाद ने दो युवकों को दबोचा, प्रेगाबालिन और टपेंडाडोल की बड़ी खेप पकड़ी
सिरसा।
जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत सीआईए ऐलनाबाद पुलिस ने दो अलग-अलग कार्रवाइयों में 3690 नशीली गोलियां व कैप्सूल बरामद कर दो युवकों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों की पहचान मंगा पुत्र मोहनलाल निवासी बणी और राजू उर्फ राजिया पुत्र काशी राम निवासी हारनी खुर्द के रूप में हुई है। सीआईए ऐलनाबाद प्रभारी सब इंस्पेक्टर संदीप सिंह ने बताया कि पुलिस अधीक्षक दीपक सहारन के निर्देश पर जिले में नशीली दवाओं की तस्करी और अवैध कारोबार के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में सीआईए की टीमों ने अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई करते हुए यह सफलता हासिल की।
बणी में 1770 नशीली गोलियां-कैप्सूल पकड़े
पुलिस टीम ने रानियां क्षेत्र के गांव बणी में कार्रवाई करते हुए मंगा को काबू किया। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 1770 नशीली गोलियां व कैप्सूल बरामद हुए। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
हारनी खुर्द में प्रेगाबालिन और टपेंडाडोल की खेप बरामद
वहीं, दूसरी टीम ने ऐलनाबाद थाना क्षेत्र के गांव हारनी खुर्द में कार्रवाई करते हुए राजू उर्फ राजिया को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से 1740 प्रेगाबालिन कैप्सूल और 450 टपेंडाडोल नशीली गोलियां बरामद हुईं। दोनों कार्रवाइयों में कुल 3690 नशीली दवाएं पुलिस के हाथ लगी हैं।
सप्लाई नेटवर्क खंगाल रही पुलिस
पुलिस ने बरामद नशीली दवाओं और दोनों आरोपियों को आगामी कार्रवाई के लिए औषधि विभाग के अधिकारी केशव वशिष्ट के हवाले किया है। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर यह पता लगाने में जुटी है कि नशीली दवाओं की खेप कहां से लाई गई थी और इसे आगे किन लोगों तक पहुंचाया जाना था। जांच के दौरान सप्लाई नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका सामने आने पर उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।
######################
डबवाली पुलिस की बड़ी कार्रवाई, बठिंडा से दबोचे गैर इरादतन हत्या के प्रयास के 3 आरोपी
-16 मई की वारदात के बाद से चल रहे थे फरार; थाना शहर, सीआईए और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने तकनीकी साक्ष्यों से आरोपियों तक पहुंच बनाई
डबवाली।
गैर इरादतन हत्या के प्रयास के मामले में फरार चल रहे तीन आरोपियों को डबवाली पुलिस ने बठिंडा से गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान हन्नी, मनीष और सुरेंद्र कुमार के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल किए गए हथियार भी बरामद किए हैं। पुलिस प्रवक्ता के अनुसार मामला 16 मई 2026 को मंडी डबवाली में हुई एक घटना से जुड़ा है। विवाद के दौरान शिकायतकर्ता पर हमला किया गया था। इस संबंध में थाना शहर डबवाली में भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।
तीन टीमों ने मिलकर बिछाया जाल
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक डबवाली जसलीन कौर के निर्देश पर थाना शहर डबवाली, सीआईए डबवाली और साइबर सेल की टीमों को आरोपियों की तलाश में लगाया गया था। टीमों ने तकनीकी साक्ष्यों, घटनाक्रम से जुड़े तथ्यों और खुफिया सूचनाओं का बारीकी से विश्लेषण किया। लगातार प्रयासों के बाद संयुक्त पुलिस टीम ने योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को बठिंडा से काबू कर लिया। पुलिस के अनुसार आरोपियों से पूछताछ के आधार पर मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।
महिला आरोपी पहले ही हो चुकी गिरफ्तार
पुलिस ने बताया कि मामले में एक नामजद महिला आरोपी को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है। उसे 2 जुलाई 2026 को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया गया था, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया था। अब गिरफ्तार किए गए तीनों आरोपियों को अदालत में पेश किया जाएगा। पुलिस मामले में वारदात की पूरी कड़ी को जोड़ने के साथ यह भी पता लगाने में जुटी है कि हमले में इस्तेमाल हथियार कहां से आए और घटना में अन्य किसी व्यक्ति की भूमिका तो नहीं थी।
Sirsa, Sirsa | Aug 13, 2026