अंबाला में सिख संगत और पुलिस आमने-सामने, हाईवे जाम; आंसू गैस के गोले चले
- पंजोखरा साहिब विवाद पर भड़की संगत ने तोड़ी बेरिकेडिंग; जीटी रोड तक पहुंची भीड़, कई किलोमीटर लंबा जाम, स्कूल में बच्चे फंसे
अंबाला।
श्री पंजोखरा साहिब गुरुद्वारे से जुड़े विवाद को लेकर गुरुवार को अंबाला में हालात तनावपूर्ण हो गए। सिख संगत की बैठक के बाद बड़ी संख्या में प्रदर्शनकारी सड़क पर उतर आए और पुलिस की बेरिकेडिंग तोड़ते हुए हाईवे की ओर बढ़ गए। प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए पुलिस ने आंसू गैस के गोले छोड़े। इसके बावजूद भीड़ को जीटी रोड (एनएच-44) तक पहुंचने से नहीं रोका जा सका। हाईवे पर जाम लगने से अंबाला से गुजरने वाले कई राष्ट्रीय राजमार्गों पर यातायात प्रभावित हुआ। करीब चार घंटे से अंबाला रेंज के आईजी और एसपी सहित पुलिस अधिकारी प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास कर रहे हैं। तनाव को देखते हुए इलाके में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।
दो मांगों को लेकर प्रदर्शन
सिख जत्थेबंदियों की मुख्य रूप से दो मांगें हैं। पहली मांग इंटरनेशनल एंटी खालिस्तान टेरेरिस्ट फ्रंट के अध्यक्ष गुरसिमरन सिंह मंड के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की है। दूसरी मांग मंड पर हमले के आरोप में गिरफ्तार किए गए दो लोगों की रिहाई की है। जत्थेबंदियों का आरोप है कि मंड की शिकायत पर पुलिस ने तत्काल मामला दर्ज कर दो युवकों को हिरासत में ले लिया, लेकिन मंड के खिलाफ दी गई शिकायत पर कार्रवाई नहीं की गई। इसी मुद्दे को लेकर गुरुवार को श्री पंजोखरा साहिब गुरुद्वारे में सिख संगत की बैठक बुलाई गई थी।
7 अगस्त को हुआ था विवाद
पूरा मामला 7 अगस्त को श्री पंजोखरा साहिब गुरुद्वारे के सामने हुए घटनाक्रम से जुड़ा है। बताया गया है कि गुरसिमरन सिंह मंड अपनी Y+ सुरक्षा के साथ गुरुद्वारा साहिब पहुंचे थे। आरोप है कि उनकी इनोवा गाड़ी से संगत को टक्कर लगी, जिसके बाद वहां मौजूद लोगों और कुछ निहंगों ने मंड को घेर लिया। इसके बाद मंड को सड़क पर दौड़ाकर पीटने और उनकी गाड़ी में तोड़फोड़ करने की घटना सामने आई थी। पुलिसकर्मियों ने बीच-बचाव कर मंड को भीड़ से बचाया था। घटना के बाद मंड की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर गांव कलरहेड़ी के दो युवकों को हिरासत में लिया था।
बैठक में अमृतपाल सिंह के माता-पिता भी पहुंचे
गुरुवार को गुरुद्वारा श्री पंजोखरा साहिब में हुई बैठक में पंजाब के खडूर साहिब से सांसद अमृतपाल सिंह के पिता तरसेम सिंह और माता बलविंदर कौर भी पहुंचे। इसके अलावा हरियाणा सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के अध्यक्ष जगदीश सिंह झींडा, उपाध्यक्ष गुरबीर सिंह समेत कई सिख संगठनों के प्रतिनिधि मौजूद रहे। बैठक के बाद प्रदर्शनकारियों ने हाईवे की ओर कूच कर दिया। पुलिस ने पंजोखरा से अंबाला जाने वाले रास्ते पर पहले से भारी बेरिकेडिंग कर रखी थी, लेकिन प्रदर्शनकारियों ने बेरिकेडिंग हटाकर आगे बढ़ने का प्रयास किया। इस दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच धक्का-मुक्की हुई।
आंसू गैस के बाद मची अफरा-तफरी
प्रदर्शनकारियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए पुलिस ने मंडौर के पास आंसू गैस के गोले छोड़े। पुलिस की कार्रवाई के बाद मौके पर अफरा-तफरी और भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। प्रदर्शनकारियों को आंसू गैस के धुएं से बचने के लिए इधर-उधर भागते देखा गया। इस दौरान एक वाहन के क्षतिग्रस्त होने की भी सूचना है। प्रदर्शन और पुलिस कार्रवाई का असर एनसीसी स्कूल के आसपास भी देखने को मिला। इसी दौरान स्कूल की छुट्टी का समय होने के कारण बड़ी संख्या में बच्चे परिसर में मौजूद थे। आंसू गैस के धुएं और सड़क पर बनी अफरा-तफरी के कारण बच्चे स्कूल परिसर में ही फंस गए। इससे अभिभावकों में भी चिंता बढ़ गई।
हाईवे पर कई किलोमीटर लंबा जाम
प्रदर्शनकारियों के हाईवे पर पहुंचने के बाद यातायात व्यवस्था बुरी तरह प्रभावित हुई। अंबाला-नारायणगढ़ रोड और जीटी रोड पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। अंबाला से गुजरने वाले अन्य राष्ट्रीय राजमार्गों पर भी इसका असर पड़ा। कई स्थानों पर पुलिस ने वाहनों को रोककर यातायात को वैकल्पिक मार्गों से निकालने का प्रयास किया। फिलहाल अंबाला में स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है। पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी प्रदर्शनकारियों से बातचीत कर मामले को शांत कराने के प्रयास में जुटे हैं। मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।
Sirsa, Sirsa | Aug 13, 2026