पीएम सूर्य घर योजना के प्रचार-प्रसार हेतु ई-रिक्शा वाहनों को जिलाधिकारी ने दिखाई हरी झंडी
मोतिहारी, 19 अगस्त 2026
पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के व्यापक प्रचार-प्रसार एवं आमजनों को योजना की जानकारी उपलब्ध कराने के उद्देश्य से आज जिलाधिकारी, पूर्वी चंपारण द्वारा ई-रिक्शा वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। ये ई-रिक्शा जिले के विभिन्न शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में जाकर लोगों को योजना एवं राज्य सरकार द्वारा दी जा रही अतिरिक्त सब्सिडी के संबंध में जागरूक करेंगे।
इस अवसर पर जिलाधिकारी ने बताया कि पीएम सूर्य घर योजना के अंतर्गत केंद्र सरकार द्वारा पूर्व से दी जा रही सब्सिडी के अतिरिक्त अब राज्य सरकार द्वारा भी अतिरिक्त अनुदान दिया जा रहा है। 1 किलोवाट के सोलर संयंत्र पर केंद्र सरकार की ₹30,000 की सब्सिडी के अतिरिक्त राज्य सरकार द्वारा ₹10,000 की अतिरिक्त सब्सिडी दी जाएगी। इसी प्रकार 2 किलोवाट पर कुल ₹80,000 तथा 3 किलोवाट पर कुल ₹98,000 तक की सब्सिडी का लाभ मिलेगा।
जिलाधिकारी ने बताया कि राज्य सरकार द्वारा दी जा रही यह अतिरिक्त सब्सिडी “पहले आओ, पहले पाओ” के आधार पर उपलब्ध होगी तथा यह लाभ मार्च 2027 तक ही दिया जाएगा। उन्होंने जिलेवासियों से अपील की कि इच्छुक उपभोक्ता बिना विलंब के पीएम सूर्य घर योजना के लिए आवेदन करें और योजना का अधिक से अधिक लाभ उठाएं।
जिलाधिकारी ने कहा कि सौर ऊर्जा को बढ़ावा देने से आम उपभोक्ताओं को बिजली के बिल में राहत मिलेगी तथा स्वच्छ एवं हरित ऊर्जा के उपयोग को भी बढ़ावा मिलेगा।
कार्यक्रम के दौरान विद्युत विभाग के कार्यपालक अभियंता, मोतिहारी; कार्यपालक अभियंता, रक्सौल; कार्यपालक अभियंता, चकिया; सहायक विद्युत अभियंता, मोतिहारी शहरी एवं ग्रामीण सहित विद्युत विभाग के अन्य पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।
जिला प्रशासन एवं विद्युत विभाग द्वारा जिले के अधिक से अधिक नागरिकों को योजना से जोड़ने तथा उन्हें उपलब्ध सब्सिडी की जानकारी देने के लिए व्यापक जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है।
Information & Public Relations Department, Government of Bihar North Bihar Power Distribution Co. friends Bihar State Power Holding Company Limited