अवैध स्टोन क्रशिंग के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, 19 क्रशर पर चला प्रशासन का डंडा
8 स्टोन क्रशर सील, 11 इकाइयां ध्वस्त; हाईकोर्ट के आदेश पर संयुक्त टीम ने की कार्रवाई
रांची, 12 सितंबर। चुटूपालू और ओरमांझी प्रखंड क्षेत्र में अवैध पत्थर खनन और स्टोन क्रशिंग के खिलाफ जिला प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। संयुक्त जांच टीम ने क्षेत्र में संचालित 19 स्टोन क्रशिंग इकाइयों के खिलाफ कार्रवाई की।
जांच के दौरान 8 स्टोन क्रशरों का CTO (काम करने की अनुमति) लैप्स पाया गया। इसके बाद इन सभी क्रशरों को सील कर दिया गया। वहीं नियमों का उल्लंघन करते हुए अवैध रूप से संचालित पाई गईं 11 स्टोन क्रशिंग इकाइयों को ध्वस्त कर दिया गया।
यह कार्रवाई माननीय उच्च न्यायालय के आदेश और खान एवं भूतत्व विभाग, झारखंड सरकार के निर्देश के तहत की गई। कार्रवाई के लिए गठित संयुक्त जांच टीम ने मौके पर पहुंचकर स्टोन क्रशिंग इकाइयों का निरीक्षण और भौतिक सत्यापन किया।
किन दस्तावेजों की हुई जांच?
जांच टीम ने संबंधित इकाइयों के खनन पट्टा या अनुज्ञप्ति, पर्यावरणीय स्वीकृति, Consent to Establish (CTE), Consent to Operate (CTO) और अन्य जरूरी वैधानिक अनुमतियों की जांच की। इसके साथ ही CTO की वैधता, उसकी शर्तों के पालन और प्रदूषण नियंत्रण से जुड़े नियमों की भी जांच की गई।
जिन इकाइयों का CTO वैध नहीं मिला या लैप्स पाया गया, उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की गई। वहीं अवैध रूप से संचालित पाई गईं 11 इकाइयों को ध्वस्त किया गया।
कार्रवाई के दौरान संबंधित अंचल अधिकारी, थाना प्रभारी और पुलिस बल भी मौजूद रहे। प्रशासन ने कहा है कि अवैध खनन और बिना वैध अनुमति के संचालित स्टोन क्रशिंग इकाइयों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।
जिला प्रशासन की ओर से खनन क्षेत्र में नियमों के पालन और पर्यावरणीय मानकों की निगरानी के लिए संबंधित विभागों के साथ लगातार समन्वय बनाए रखने की बात कही गई है।
#Ranchi #RanchiNews #JharkhandNews #StoneCrusher #IllegalMining #MiningAction #RanchiAdministration #JharkhandPolice #Ormanjhi #Chutupalu #IllegalMining #BreakingNews #RanchiBreaking #JharkhandNews #LoktantraBharat #TeamRanchi