डूमोदा एवं कैलाशपुरी गांवों में तेंदुए एवं वन्यजीवों के प्रति जागरूकता अभियान
सवाई माधोपुर। डूमोदा एवं कैलाशपुरी गांवों में हाल के दिनों में तेंदुए एवं अन्य वन्यजीवों की गतिविधियों को देखते हुए वन विभाग द्वारा ग्रामीणों को जागरूक करने के उद्देश्य से विशेष जन-जागरूकता अभियान आयोजित किया गया।
यह जागरूकता अभियान Sociologist ममता साहू, सहायक वन संरक्षक (ACF) श्री अजय एवं क्षेत्रीय वन अधिकारी (Ranger) श्री राज बहादुर के नेतृत्व में आयोजित किया गया। अभियान के दौरान ग्रामीणों से संवाद कर मानव-वन्यजीव संघर्ष की स्थिति से बचने के लिए आवश्यक सावधानियों एवं वन विभाग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों की जानकारी दी गई।
ग्रामीणों को विशेष रूप से बताया गया कि तेंदुआ अथवा कोई अन्य वन्यजीव दिखाई देने पर उसके पास न जाएं, उसे घेरने या भगाने का प्रयास न करें तथा भीड़ एकत्र न करें। वन्यजीव को देखने के लिए उसके पीछे जाने अथवा उसका पीछा करने से भी बचने की सलाह दी गई।
ग्रामीणों को सुबह एवं शाम के समय विशेष सतर्कता बरतने, बच्चों को अकेले बाहर न जाने देने तथा अंधेरे एवं झाड़ियों वाले क्षेत्रों में अकेले जाने से बचने के लिए जागरूक किया गया। खेतों एवं खुले क्षेत्रों में जाते समय समूह में जाने तथा घरों के आसपास पर्याप्त प्रकाश की व्यवस्था रखने की सलाह भी दी गई।
वन विभाग की टीम ने ग्रामीणों से अपील की कि किसी भी वन्यजीव की उपस्थिति अथवा गतिविधि की जानकारी मिलने पर तुरंत वन विभाग को सूचित करें और स्वयं किसी प्रकार की रेस्क्यू या कार्रवाई करने का प्रयास न करें। साथ ही, अपुष्ट सूचनाओं एवं अफवाहों को सोशल मीडिया अथवा अन्य माध्यमों से प्रसारित न करने की अपील की गई।
अभियान के दौरान ग्रामीणों को अवगत कराया गया कि वन विभाग द्वारा क्षेत्र में वन्यजीवों की गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है तथा आवश्यकता के अनुसार कैमरा ट्रैप, केज ट्रैप, नियमित गश्त एवं रेस्क्यू टीम के माध्यम से आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
वन विभाग द्वारा स्थानीय सरपंचों, जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों से विभाग के साथ निरंतर समन्वय बनाए रखने तथा वन्यजीवों से संबंधित किसी भी सूचना को समय पर साझा करने का आग्रह किया गया।
वन विभाग की प्राथमिकता आमजन की सुरक्षा के साथ-साथ वन्यजीवों का संरक्षण एवं सुरक्षित प्रबंधन सुनिश्चित करना है। मानव एवं वन्यजीव दोनों की सुरक्षा के लिए जनसहयोग अत्यंत महत्वपूर्ण है।