शहीदों की शहादत तिथि पर मुफ्त इलाज की पहल, सैनिकों के परिजनों को भी मिलेगी निःशुल्क चिकित्सा सुविधा
सीतामढ़ी। सरस्वती मेडिकेयर एवं डेंटल केयर हॉस्पिटल, सीतामढ़ी के चिकित्सक डॉ. मधुर कुमार ने सामाजिक सरोकार से जुड़ी महत्वपूर्ण पहल की घोषणा की है। उन्होंने कहा कि जिले के जिन शहीदों ने देश की रक्षा करते हुए अपना सर्वोच्च बलिदान दिया है, उनकी शहादत तिथि पर अस्पताल में मरीजों का मुफ्त इलाज किया जाएगा।
डॉ. मधुर कुमार ने कहा कि इसके साथ ही जिले के सैनिकों के परिजनों को भी अस्पताल की ओर से निःशुल्क चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने कहा कि देश की रक्षा में अपना जीवन समर्पित करने वाले वीर शहीदों और सैनिकों के परिवारों के प्रति सम्मान एवं कृतज्ञता व्यक्त करने के उद्देश्य से यह पहल की गई है।
उन्होंने कहा कि सैनिक और उनके परिवार देश के लिए महत्वपूर्ण योगदान देते हैं। ऐसे में उनके स्वास्थ्य की देखभाल में सहयोग करना समाज की जिम्मेदारी है। अस्पताल प्रबंधन ने इस पहल को आगे भी जारी रखने की प्रतिबद्धता जताई है।