महाविद्यालय में ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत भव्य तिरंगा यात्रा का आयोजन
________________
राष्ट्रप्रेम और राष्ट्रीय एकता का संदेश लेकर शहर में निकली तिरंगा यात्रा
________________
NSS स्वयंसेवकों और NCC कैडेट्स ने नागरिकों को अभियान से जुड़ने किया प्रेरित
________________
महाविद्यालय परिसर में बनाया गया सेल्फी प्वाइंट, छात्र-छात्राएं ले रहे प्रमाण-पत्र
________________
खरगोन 13 अगस्त 2026। ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के अंतर्गत राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS), राष्ट्रीय कैडेट कोर (NCC) एवं क्रीड़ा विभाग के संयुक्त तत्वावधान में शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, खरगोन से शहर में भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। यात्रा का उद्देश्य नागरिकों में राष्ट्रप्रेम, राष्ट्रीय एकता, अखंडता एवं भाईचारे की भावना को सुदृढ़ करना रहा।
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. जी.एस. चौहान ने कहा कि ‘हर घर तिरंगा’ अभियान देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता एवं अखंडता की भावना को मजबूत करने का महत्वपूर्ण माध्यम है। प्रत्येक नागरिक को अपने घर पर तिरंगा फहराकर देश के प्रति सम्मान एवं गौरव की भावना व्यक्त करनी चाहिए। उन्होंने हरी झंडी दिखाकर तिरंगा यात्रा को रवाना किया।
यात्रा में NSS स्वयंसेवकों एवं NCC कैडेट्स ने हाथों में राष्ट्रीय ध्वज लेकर देशभक्ति के नारों के साथ शहर के विभिन्न मार्गों का भ्रमण किया। कैडेट्स ने नागरिकों को ‘हर घर तिरंगा’ अभियान से जुड़ने तथा अपने घरों पर सम्मानपूर्वक तिरंगा फहराने के लिए प्रेरित किया। शहरवासियों ने भी उत्साहपूर्वक यात्रा का स्वागत किया। तिरंगे से सजे मार्गों और देशभक्ति के नारों से वातावरण राष्ट्रभक्ति से ओत-प्रोत नजर आया।
जिला संगठक अधिकारी डॉ. सुरेश अवासे ने कहा कि ‘हर घर तिरंगा यात्रा’ देशभक्ति एवं राष्ट्रीय एकता की भावना को मजबूत करने का अवसर है। उन्होंने सभी नागरिकों से अपने घरों पर तिरंगा फहराने तथा अभियान में उत्साहपूर्वक भाग लेने की अपील की। NCC अधिकारी प्रो. संतोष राठौड़ ने कहा कि तिरंगा देश की एकता, अखंडता, गौरव और विविधता में एकता का प्रतीक है। ऐसे आयोजनों से युवाओं में राष्ट्रीय भावना के साथ सामाजिक जिम्मेदारी की भावना भी मजबूत होती है।
तिरंगा यात्रा के माध्यम से NSS स्वयंसेवकों एवं NCC कैडेट्स ने नगरवासियों को राष्ट्र की एकता और भाईचारे को बनाए रखने का संदेश दिया। यात्रा ने नागरिकों एवं युवाओं में देशभक्ति की भावना को नई ऊर्जा प्रदान की।
महाविद्यालय परिसर में ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के अंतर्गत सेल्फी प्वाइंट भी बनाया गया है। यहां छात्र-छात्राएं उत्साहपूर्वक सेल्फी लेकर उसे अपलोड कर अभियान से संबंधित अपना प्रमाण-पत्र जनरेट कर रहे हैं।
कार्यक्रम में डॉ. ललिता बर्ग, डॉ. वंदना बर्वे, डॉ. डी.एस. बामनिया, डॉ. राजेंद्रसिंह चौहान, डॉ. राजू हमीर देसाई, डॉ. संध्या बटवे, डॉ. सुनैना चौहान, प्रो. ललित भटनिया, डॉ. गगन चौधरी, डॉ. गोविंद यादव सहित महाविद्यालय के अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
#JansamparkMP #khargone #हर_घर_तिरंगा