#भरतपुर। जलझूलनी एकादशी के पावन अवसर पर मंगलवार को बयाना कस्बा पूरी तरह भक्ति के रंग में रंगा नजर आया। शहर के ऐतिहासिक शिवगंज मंडी रोड स्थित बिहारीजी मंदिर और भीतरबाड़ी के श्री गोविंद देव मंदिर से ठाकुरजी की अत्यंत भव्य एवं आकर्षक डोल यात्राएं निकाली गईं। फूलों से सजी सुंदर पालकी में ठाकुरजी का अलौकिक श्रृंगार कर उन्हें नई पोशाक धारण कराई गई थी। शोभायात्रा के दौरान वृंदावन के इस्कॉन मंदिर से आए देशी-विदेशी कृष्ण भक्तों द्वारा वाद्य यंत्रों की धुन पर किए गए गोपी नृत्य, इत्र वर्षा, महाकाल की झांकी और ग्वालियर के खलील धमाल बैंड की प्रस्तुति ने श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। शहरभर में जगह-जगह पुष्प वर्षा कर यात्रा का स्वागत किया गया और श्रद्धालुओं में पालकी के नीचे से निकलने की होड़ लगी रही। इसी क्रम में यदुवंशी सैनी समाज द्वारा भीतरबाड़ी स्थित श्री गोविंद देव मंदिर से भव्य डोल यात्रा निकाली गई, जो पठानपाड़ा, कोली मोहल्ला, गांधी चौक और मुख्य बाजार से होते हुए गुजरी। इस दौरान सैनी समाज अध्यक्ष रामेश्वर सैनी ने इस परंपरा को सामाजिक आस्था और भाईचारे का प्रतीक बताया।