#भरतपुर। जिले के भुसावर और वैर नगरपालिकाओं में उपाध्यक्ष पद के लिए चुनाव शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो गए हैं, जिनमें भुसावर से लवकेश सैनी और वैर से लतेश गर्ग ने जीत दर्ज की है। भुसावर नगरपालिका में बेहद कड़े मुकाबले के बीच लवकेश सैनी ने अपने प्रतिद्वंद्वी राजेंद्र सैनी को मात्र 1 वोट के अंतर से हराया। यहां लवकेश को 12 और राजेंद्र को 11 वोट मिले, जबकि 2 वोट नोटा में गए और तीसरे प्रत्याशी राजेंद्र मीना ने पहले ही नाम वापस ले लिया था। चुनाव के बाद उपखंड अधिकारी राधेश्याम मीणा ने विजयी प्रत्याशी को शपथ दिलाई। भुसावर में हाल ही में अध्यक्ष पद पर मुकेश तिवारी निर्वाचित हुए हैं। दूसरी ओर, वैर नगरपालिका में उपाध्यक्ष पद पर लतेश गर्ग ने एकतरफा जीत हासिल की। प्रत्याशी सुषमा के नाम वापसी के बाद हुए सीधे मुकाबले में लतेश गर्ग को 22 वोट मिले, जबकि उनकी प्रतिद्वंद्वी राजवती सैनी को महज 3 वोटों से संतोष करना पड़ा। लतेश गर्ग ने 19 मतों के बड़े अंतर से विजयश्री प्राप्त की।