#भरतपुर। बयाना उपखंड के मौरोली गांव में सोमवार को 1971 के भारत-पाक युद्ध के अमर शहीद बदन सिंह गुर्जर की प्रतिमा का भव्य अनावरण समारोह आयोजित हुआ। राज्य सैनिक कल्याण सलाहकार समिति के अध्यक्ष प्रेमसिंह बाजौर के मुख्य आतिथ्य और गुर्जर आरक्षण संघर्ष समिति के राष्ट्रीय अध्यक्ष विजय बैसला की अध्यक्षता में आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पूर्व सैनिकों, जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने भाग लिया। समारोह के दौरान वक्ताओं ने शहीद बदन सिंह के सर्वोच्च बलिदान को याद करते हुए उन्हें अदम्य साहस और राष्ट्रभक्ति का प्रतीक बताया। मुख्य अतिथि और उपस्थित गणमान्य लोगों ने प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी तथा युवाओं से शहीद के जीवन से प्रेरणा लेकर देश सेवा के लिए समर्पित रहने का आह्वान किया। पूरे कार्यक्रम के दौरान मौरोली गांव में देशभक्ति का अनूठा माहौल देखने को मिला।