पाली के फालना में रविवार रात कॉस्मेटिक्स की दुकान में पटाखों के कारण आग लग गई। आग में आसपास की दो और दुकानें चपेट में आ गईं।
हादसे में खुडाला-फालना नगर पालिका की कांग्रेस पार्षद ऊषा पूनमिया (68) की दम घुटने से मौत हो गई। वहीं, उनके पति और दुकान के मालिक प्रकाश (70) जिंदा जल गए।
दोनों को बचाने की कोशिश में प्रकाश के बड़े भाई गौतम पूनमिया (73) भी झुलस गए थे। हॉस्पिटल में इलाज के दौरान उनकी भी मौत हो गई। आग पर रात 2 बजे तक काबू पाया जा सका, जबकि रेस्क्यू सोमवार सुबह 5 बजे तक चला
फालना थाने के SHO पन्नालाल के अनुसार प्रकाश और उनके भाई गौतम की स्वर्ण मंदिर के पास दुकानें हैं। रविवार रात करीब 10:30 बजे सड़क पर कुछ लोग पटाखे चला रहे थे। इसी दौरान पटाखे की चिंगारी दुकान के बाहर रखे पटाखों पर गिर गई। कुछ मिनटों में आग पूरी दुकान में फैल गई। दुकान खड़ी पार्षद ऊषा पूनमिया घबराकर उसके बेसमेंट में चली गईं।
लेकिन बेसमेंट में कुछ मिनटों में ही धुआं भरने के कारण उनकी मौत हो गई। वहीं, प्रकाश पटाखों के कारण दुकान में ही जिंदा जल गए।
हादसे में वार्ड 23 की पार्षद ऊषा के जेठ गौतम पूनमिया भी करीब 65 फीसदी झुलस गए थे। उनका चेहरा बुरी तरह से जल गया था।
रात को उन्हें पाली के बांगड़ हॉस्पिटल ले जाया गया। गंभीर हालत में उन्हें बांगड़ हॉस्पिटल से जोधपुर रेफर किया गया था, जहां इलाज के दौरान सोमवार दोपहर करीब 12 बजे उन्होंने दम तोड़ दिया।
तीन घंटे में पाया आग पर काबू
पुलिस के अनुसार आग पर करीब 3 घंटे में काबू पाया जा सका।
दुकानों का सामान बुरी तरह से गर्म था। इसलिए दोनों बॉडी बेसमेंट से सोमवार सुबह करीब 5 बजे निकाली गईं।
जानकारी के अनुसार ऊषा पूनमिया सितंबर में तीसरी बार पार्षद चुनी गई थीं। स्थानीय लोगों ने बताया कि आसपास के इलाके में ये जाना-पहचाना परिवार है। जो तीन दुकानें जली हैं, वो इन दोनों भाइयों की ही थीं।
इनमें कॉस्मेटिक, प्लास्टिक आइटम और रेडियो-बैटरी की दुकान शामिल हैं। इनमें दो दुकानें प्रकाश की और एक उनके बड़े भाई की थी। आग पर काबू पाने के लिए सुमेरपुर, बाली, सादड़ी और रानी से दमकलें बुलाई गई थीं।
Nathdwara, Rajsamand | Nov 10, 2026