विधवा महिला से मारपीट का आरोप, बीच-बचाव में पहुंची जेठानी व भतीजा भी घायल
यूनाइटेड भारत बारा
मनोज कुमार बिन्द
प्रयागराज। जारी चौकी क्षेत्र के पहलूकोपूरा गांव में एक विधवा महिला के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। पीड़िता सुनीता देवी, पत्नी स्वर्गीय ज्ञानचंद, ने आरोप लगाया कि शुक्रवार सुबह करीब 8 बजे वह अपने घर पर मकान की दीवार बनवा रही थीं। इसी दौरान गांव के कुछ लोग वहां पहुंचे और विवाद शुरू हो गया।
पीड़िता का आरोप है कि अनुराग गुप्ता, आशीष कुमार, राघवेंद्र प्रसाद सहित अन्य लोगों ने लाठी-डंडों और ईंट-पत्थरों से हमला कर दिया। बीच-बचाव करने पहुंची उनकी जेठानी और भतीजे को भी चोटें आईं। आरोप है कि हमलावरों ने बाउंड्री वॉल भी गिरा दी और थाने में शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी दी।
पीड़ित पक्ष ने पुलिस से कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल मामले में पुलिस की ओर से आधिकारिक बयान या एफआईआर की पुष्टि नहीं हुई है। जांच के बाद ही पूरे घटनाक्रम की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
Bara, Allahabad | Jun 26, 2026