अररिया में 17 से 26 जून तक मनाया जाएगा नशा मुक्ति सप्ताह, विभिन्न विभागों के पदाधिकारियों एवं कर्मियों ने ली शपथ।
विभागीय निर्देश के आलोक में जिले में 17 जून से 26 जून 2026 तक नशा मुक्ति सप्ताह का आयोजन किया जा रहा है। इस अभियान का उद्देश्य समाज को नशामुक्त बनाने के प्रति व्यापक जन-जागरूकता फैलाना तथा युवाओं एवं आम नागरिकों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति सचेत करना है। नशा मुक्ति सप्ताह के अंतर्गत आज दिनांक 17 जून 2026 को अररिया जिले के विभिन्न विभागों एवं कार्यालयों में शपथ ग्रहण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के पदाधिकारियों एवं कर्मियों ने भाग लिया तथा “नशामुक्त भारत अभियान – विकसित भारत की पहचान” के संकल्प के साथ नशामुक्त समाज के निर्माण हेतु शपथ ली। शपथ के दौरान सभी प्रतिभागियों ने यह संकल्प लिया कि वे न केवल स्वयं नशामुक्त रहेंगे, बल्कि अपने परिवार, मित्रों एवं समुदाय को भी नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करेंगे तथा नशामुक्ति के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने के लिए अपनी क्षमता के अनुसार हर संभव प्रयास करेंगे। नशा मुक्ति सप्ताह के दौरान जिले भर में व्यापक जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसके तहत विद्यालयों एवं महाविद्यालयों में निबंध, स्लोगन एवं पोस्टर प्रतियोगिताएं, नुक्कड़ नाटक, रैली, मानव श्रृंखला, योग कार्यक्रम, हस्ताक्षर अभियान, जागरूकता शिविर तथा अन्य नवाचार आधारित गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा।जिला प्रशासन ने जिलेवासियों से अपील की है कि वे नशामुक्ति अभियान में सक्रिय सहभागिता निभाएं तथा समाज को नशे के दुष्प्रभावों से मुक्त बनाने में अपना योगदान दें। नशामुक्त एवं स्वस्थ समाज का निर्माण ही विकसित भारत की आधारशिला है।
Araria, Araria | Jun 17, 2026