NEET (UG)-2026 परीक्षा के सफल एवं कदाचारमुक्त संचालन हेतु जिला पदाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने किया संयुक्त औचक निरीक्षण।
राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) द्वारा आयोजित NEET (UG)-2026 परीक्षा के अवसर पर जिले में परीक्षा के स्वच्छ, निष्पक्ष, पारदर्शी एवं कदाचारमुक्त संचालन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिला पदाधिकारी, नवादा श्री रवि प्रकाश एवं पुलिस अधीक्षक, नवादा श्री अभिनव धीमान द्वारा विभिन्न परीक्षा केन्द्रों का संयुक्त रूप से औचक निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के क्रम में उन्होंने के.एल.एस. कॉलेज, नवादा, कन्हाई इंटर विद्यालय, नवादा, महिला औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई), नवादा तथा राजकीय अभियंत्रण महाविद्यालय, नवादा का भ्रमण कर परीक्षा संचालन से संबंधित व्यवस्थाओं का गहन अवलोकन किया। इस दौरान परीक्षा केन्द्रों पर सुरक्षा व्यवस्था, प्रवेश द्वार पर अभ्यर्थियों की सघन जांच, पहचान सत्यापन प्रक्रिया, निषिद्ध सामग्रियों की रोकथाम, सीसीटीवी निगरानी, जैमर तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया।
जिला पदाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने केन्द्राधीक्षकों, प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों तथा पुलिस पदाधिकारियों को परीक्षा संचालन से संबंधित निर्धारित दिशा-निर्देशों का अक्षरशः अनुपालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि परीक्षा की शुचिता एवं विश्वसनीयता बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा किसी भी प्रकार की अनियमितता अथवा कदाचार के प्रति शून्य सहनशीलता की नीति अपनाई जाएगी।
निरीक्षण के दौरान परीक्षा केन्द्रों के बाहर अभिभावकों एवं आमजन की गतिविधियों, यातायात व्यवस्था तथा विधि-व्यवस्था की स्थिति का भी अवलोकन किया गया। संबंधित अधिकारियों को परीक्षा अवधि के दौरान सतत निगरानी बनाए रखने तथा किसी भी आकस्मिक परिस्थिति से निपटने हेतु पूर्णतः सतर्क एवं सजग रहने का निर्देश दिया गया।
नवादा से राकेश कुमार चंदन की रिपोर्ट!
Nawada, Nawada | Jun 21, 2026