*14 एवं 17 जून को आयोजित होने वाली सिपाही भर्ती प्रतियोगिता परीक्षा के कदाचारमुक्त, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण संचालन हेतु जिला पदाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों एवं पुलिस पदाधिकारियों को किया ब्रीफ, दिए गए आवश्यक निर्देश*
आज दिनांक 12 जून, 2026 को जिला पदाधिकारी, जहानाबाद श्रीमती अलंकृता पाण्डेय एवं पुलिस अधीक्षक, जहानाबाद श्री अपराजित लोहान की संयुक्त अध्यक्षता में समाहरणालय स्थित ग्राम प्लेक्स भवन में सिपाही भर्ती प्रतियोगिता परीक्षा के सफल, निष्पक्ष एवं कदाचारमुक्त संचालन को लेकर प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों, पुलिस पदाधिकारियों एवं केन्द्राधीक्षकों के साथ विस्तृत ब्रीफिंग आयोजित की गई।
बैठक में बताया गया कि केन्द्रीय चयन पर्षद (सिपाही भर्ती) द्वारा मद्य निषेध, उत्पाद एवं निबंधन विभाग में मद्य सिपाही के 1697 पद, कारा एवं सुधार सेवाएं निरीक्षणालय, गृह विभाग (कारा) में कक्षपाल के 2431 पद तथा परिवहन विभाग में चलंत दस्ता सिपाही के 108 पदों सहित कुल 4236 पदों पर नियुक्ति हेतु लिखित परीक्षा का आयोजन दिनांक 14 जून, 2026 (रविवार) एवं 17 जून, 2026 (बुधवार) को दो पालियों में किया जाना है।
प्रथम पाली की परीक्षा पूर्वाह्न 10:00 बजे से मध्याह्न 12:00 बजे तक तथा द्वितीय पाली की परीक्षा अपराह्न 03:00 बजे से अपराह्न 05:00 बजे तक आयोजित होगी जो जिले के कुल 10 परीक्षा केन्द्रों— राज्य संपोषित बालिका इंटर स्कूल, जहानाबाद, एस.आर.के. +2 स्कूल, पंडुई, हाई स्कूल हाटी (काको), उत्क्रमित विद्यालय डेढ़सैया, रामकृष्ण परमहंस विद्यालय, ब्रिलियंट पब्लिक स्कूल, मुरलीधर इंटर स्कूल, प्रतिभा पल्लवन मेमोरियल स्कूल, आदर्श मध्य विद्यालय ऊँटा एवं गौतम बुद्ध इंटर स्कूल में किया जाना है।
जिला पदाधिकारी ने बताया कि अभ्यर्थियों का रिपोर्टिंग समय प्रथम पाली के लिए पूर्वाह्न 08:00 बजे तथा द्वितीय पाली के लिए अपराह्न 01:00 बजे निर्धारित किया गया है। प्रथम पाली के लिए पूर्वाह्न 09:00 बजे तथा द्वितीय पाली के लिए अपराह्न 02:00 बजे परीक्षा केन्द्रों का प्रवेश द्वार बंद कर दिया जाएगा। निर्धारित समय के बाद किसी भी अभ्यर्थी को प्रवेश की अनुमति नहीं होगी।
ब्रीफिंग के दौरान जिला पदाधिकारी ने निर्देश दिया कि परीक्षा को पूर्णतः कदाचारमुक्त एवं पारदर्शी वातावरण में संपन्न कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने सभी प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों, पुलिस पदाधिकारियों एवं केन्द्राधीक्षकों को आयोग द्वारा निर्गत दिशा-निर्देशों का अक्षरशः अनुपालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
उन्होंने स्पष्ट किया कि बिना प्रवेश पत्र एवं वैध फोटो पहचान पत्र के किसी भी अभ्यर्थी को परीक्षा केन्द्र में प्रवेश नहीं दिया जाएगा। सभी केन्द्रों पर अभ्यर्थियों की सघन जांच, वीडियोग्राफी, सीसीटीवी निगरानी, फोटोग्राफी एवं बायोमेट्रिक सत्यापन की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
बैठक में बताया गया कि किसी भी परीक्षार्थी को मोबाइल फोन अथवा किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक उपकरण के साथ परीक्षा केन्द्र अथवा परीक्षा कक्ष में प्रवेश की अनुमति नहीं होगी। ऐसे किसी भी उपकरण के साथ पकड़े जाने पर संबंधित अभ्यर्थी को परीक्षा से वंचित कर दिया जाएगा तथा इसे कदाचार की श्रेणी में माना जाएगा।
*स्टैटिक दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारियों को निर्देश दिया गया कि वे परीक्षा केन्द्रों पर प्रत्येक अभ्यर्थी की भौतिक जांच सुनिश्चित करें तथा किसी के पास लिखित सामग्री, सादा कागज, कैलकुलेटर, मोबाइल फोन, ब्लूटूथ डिवाइस, डिजिटल डायरी, पामटॉप, पीडीए अथवा अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण न हों की पूर्णतः सत्यता की जाए। महिला अभ्यर्थियों की फ्रिस्किंग महिला पुलिसकर्मियों द्वारा की जाएगी तथा हैंड हेल्ड मेटल डिटेक्टर (HHMD) का उपयोग अनिवार्य रूप से किया जाएगा।*
जिला पदाधिकारी ने सभी केन्द्राधीक्षकों को निर्देश दिया कि परीक्षा केन्द्रों पर मेडिकल किट, पेयजल, ओआरएस, निर्बाध विद्युत आपूर्ति, समुचित प्रकाश व्यवस्था एवं जनरेटर की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित की जाए ताकि अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। जिया अग्निशमन पदाधिकारी को सभी परीक्षा केंद्रों को अग्नि सुरक्षा मानक के अनुरूप जांच करने का निर्देश किया।
परीक्षा के सफल संचालन एवं त्वरित सूचना आदान-प्रदान हेतु अनुमंडल कार्यालय, जहानाबाद में जिला नियंत्रण कक्ष की स्थापना की गई है, जिसका दूरभाष संख्या 06114-223013 निर्धारित किया गया है।
पुलिस अधीक्षक, जहानाबाद ने सभी पुलिस पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि परीक्षा केन्द्रों एवं उसके आसपास विधि-व्यवस्था बनाए रखने, भीड़ नियंत्रण, संदिग्ध गतिविधियों, पुलिस पदाधिकारियों द्वारा सघन जांच कर सतत निगरानी रखने तथा परीक्षा को शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने हेतु पूरी सतर्कता एवं जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने का निर्देश दिया।
अंत में जिला पदाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने सभी प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी एवं केन्द्राधीक्षकों को समन्वित रूप से कार्य करते हुए परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं कदाचारमुक्त वातावरण में सफलतापूर्वक संपन्न कराने का निर्देश दिया।
उक्त ब्रीफिंग में संयुक्त सचिव सह जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी, अपर समाहर्ता विभागीय जांच,सिविल सर्जन,अनुमंडल पदाधिकारी, सभी जोनल पदाधिकारी, स्टैटिक दंडाधिकारी सहित अन्य उपस्थित थे।
#जिला_प्रशासन_जहानाबाद
#IPRDBihar
Information & Public Relations Department, Government of Bihar
22 views | Jehanabad, Bihar | Jun 12, 2026