सड़क हादसे में सोहागपुर के दो युवकों की मौत, एक साथ निकली अंतिम यात्रा
माखननगर-सेमरी हरचंद मार्ग पर अज्ञात वाहन ने मारी टक्कर, अंतिम यात्रा में उमड़ा जनसैलाब
सोहागपुर के गांधीवार्ड निवासी दो नवयुवकों जिसमें फरदीन खान और शाह आलम की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। जानकारी के अनुसार मंगलवार शाम दोनों युवक जुपिटर दोपहिया वाहन से सोहागपुर स्थित अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान माखननगर और सेमरी हरचंद के बीच किसी अज्ञात वाहन ने उनके वाहन को टक्कर मार दी। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। बताया जा रहा है कि शाह आलम की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि फरदीन खान को एंबुलेंस की मदद से माखननगर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां उपचार से पहले उनकी भी मौत हो गई। घटना मंगलवार रात करीब आठ से नौ बजे के बीच की बताई जा रही है।
अस्पताल पहुंचे परिजनों ने की मृतकों की पहचान
हादसे की जानकारी मिलते ही सोहागपुर से दोनों युवकों के परिजन माखननगर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे, जहां मृतकों की पहचान की पुष्टि हुई। दो युवकों की असमय मौत की खबर से सोहागपुर में शोक की लहर फैल गई। रातभर नगर में मातम का माहौल रहा और इस घटना ने लोगों को झकझोर कर रख दिया।
एक साथ निकली अंतिम यात्रा, हजारों लोग हुए शामिल
बुधवार सुबह दोनों युवकों का पोस्टमार्टम कराया गया, जिसके बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए। दोपहर करीब साढ़े तीन बजे दोनों की अंतिम यात्रा एक साथ निकाली गई। ईदगाह वाले बड़े कब्रिस्तान में दोनों युवकों को सुपुर्द-ए-खाक किया गया। अंतिम यात्रा में हजारों की संख्या में लोग शामिल हुए और नम आंखों से दिवंगत युवकों के लिए दुआ की। एक साथ निकली दोनों की अंतिम यात्रा का दृश्य बेहद भावुक कर देने वाला रहा। इस हादसे से पूरे सोहागपुर नगर में शोक का माहौल है।