कांगड़ा के युवाओं से डिजिटल माध्यम से जुड़ेंगे प्रधानमंत्री मोदी, NIFT कांगड़ा में होगा ‘खेलो इंडिया संवाद |
Kangra Express
धर्मशाला : कांगड़ा में युवाओं को खेल नीति, सरकारी योजनाओं और राष्ट्र निर्माण में उनकी भूमिका से जोड़ने के उद्देश्य से ‘खेलो इंडिया संवाद’ कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। NIFT कांगड़ा में होने वाले कार्यक्रम का शुभारंभ सांसद डॉ. राजीव भारद्वाज करेंगे, जबकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी डिजिटल माध्यम से देशभर के युवाओं को संबोधित करेंगे।
कार्यक्रम में 100 से अधिक विद्यार्थी और 4 खिलाड़ी शामिल होंगे। प्रधानमंत्री के संबोधन के बाद खिलाड़ी और सांसद विद्यार्थियों के साथ संवाद करेंगे। कार्यक्रम के दौरान युवाओं को ‘मेरा युवा भारत’, SAI और NSS जैसी योजनाओं के साथ ‘विकसित भारत 2047’ के लक्ष्य में उनकी भूमिका के बारे में जानकारी दी जाएगी।
खास बात यह है कि युवाओं के सुझाव लेने के लिए ‘आइडिया बॉक्स’ भी शुरू किए जाएंगे, जिनके माध्यम से युवा राष्ट्रीय खेल नीति को लेकर अपने विचार प्रधानमंत्री कार्यालय तक पहुंचा सकेंगे।
मेरा युवा भारत के उप निदेशक ध्रुव डोगरा ने बताया कि कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को सरकारी योजनाओं से जोड़ना, उन्हें नशे से दूर रखना और राष्ट्र निर्माण में उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना है।
Kangra, Kangra | Aug 24, 2026