नारंगी में प्रशासन ने लगाया जनसमस्या निवारण शिविर
जाति प्रमाण पत्र से लेकर आधार, संबल, केसीसी और स्वास्थ्य सेवाओं का मिला लाभ
बैहर विकासखंड के जनजातीय बहुल ग्राम नारंगी में गुरुवार को प्रशासन द्वारा विशेष जनसमस्या निवारण शिविर आयोजित किया गया। शिविर में विभिन्न विभागों के खंड स्तरीय अधिकारी एवं कर्मचारियों ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और मौके पर ही अनेक सेवाओं से संबंधित कार्यवाही प्रारंभ की।
शिविर में जाति प्रमाण पत्र के लिए 14 आवेदन प्राप्त हुए, जिन पर कार्यवाही शुरू कर दी गई है। आवेदकों को एक सप्ताह के भीतर प्रमाण पत्र उपलब्ध कराने की प्रक्रिया की जा रही है। इसी प्रकार संबल योजना में 3 हितग्राहियों तथा प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना में एक महिला का पंजीयन किया गया। 9 लोगों की समग्र ई-केवायसी की गई।
ग्रामीणों के लिए आधार संबंधी सेवाएं भी उपलब्ध कराई गईं। शिविर में 22 लोगों के नए आधार कार्ड बनाए गए, जबकि 14 आधार कार्ड का अपडेशन किया गया। किसानों की सुविधा के लिए 10 किसान क्रेडिट कार्ड बनाए जाने की प्रक्रिया प्रारंभ की गई।
शिविर में पशुपालन विभाग से संबंधित 6, विद्युत विभाग से संबंधित 1 तथा लोक निर्माण विभाग से संबंधित 2 आवेदन प्राप्त हुए, जिन पर आवश्यक कार्यवाही शुरू कर दी गई है। लाड़ली लक्ष्मी योजना का लाभ दिलाने के लिए प्राप्त 2 आवेदनों तथा गरीबी रेखा में नाम जोड़ने के लिए प्राप्त 3 आवेदनों पर भी नियमानुसार कार्यवाही की जा रही है।
स्वास्थ्य जांच के साथ नि:शुल्क दवाओं का वितरण
शिविर में स्वास्थ्य विभाग द्वारा ग्रामीणों के स्वास्थ्य परीक्षण के लिए विशेष कैंप लगाया गया। इसमें 25 ग्रामीणों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया तथा आवश्यकतानुसार उन्हें नि:शुल्क दवाइयां प्रदान की गईं।
शिविर में तहसीलदार अनुराग मरावी, बाल विकास परियोजना अधिकारी रामनाथ धुर्वे, खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. अनंत लिल्हारे, बीआरसी सहित विभिन्न विभागों के खंड स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे। शिविर के माध्यम से ग्रामीणों को विभिन्न शासकीय योजनाओं और सेवाओं का लाभ उनके गांव में ही उपलब्ध कराने का प्रयास किया गया।
103 views | Balaghat, Madhya Pradesh | Sep 24, 2026