दीपावली पर मुरैना पुलिस अलर्ट, बाजारों और चौराहों पर बढ़ाई निगरानी, एसपी धर्मराज मीना ने संभाली सुरक्षा व्यवस्था
मुरैना। दीपावली पर्व को लेकर मुरैना पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। जिले में शांति, सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं। प्रमुख बाजारों, चौराहों, संवेदनशील स्थानों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में पुलिस की लगातार निगरानी रखी जा रही है।
पुलिस अधीक्षक धर्मराज मीना के निर्देशन में जिलेभर में विशेष सतर्कता बरती जा रही है। वरिष्ठ पुलिस अधिकारी स्वयं मैदानी भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा ले रहे हैं। वहीं, थाना प्रभारियों और पुलिसकर्मियों को अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार पेट्रोलिंग करने के निर्देश दिए गए हैं।
त्योहार के दौरान बाजारों में बढ़ने वाली भीड़ और यातायात के दबाव को देखते हुए पुलिस द्वारा विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं। असामाजिक तत्वों, संदिग्ध गतिविधियों और हुड़दंग करने वालों पर भी विशेष नजर रखी जा रही है। शांति व्यवस्था प्रभावित करने वालों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक एवं वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
मुरैना पुलिस ने आमजन से अपील की है कि दीपावली का पर्व आपसी सौहार्द और शांतिपूर्ण तरीके से मनाएं। किसी भी संदिग्ध गतिविधि या अप्रिय स्थिति की सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।
#morena #मुरैना #पुलिस