प्रसूता कल्पना मिश्रा मृत्यु मामला : बड़ी कार्रवाई, डॉ. सोनल अग्रवाल बर्खास्त
रीवा टाइम्स ब्रेकिंग
रीवा: प्रसूता स्व. कल्पना मिश्रा के उपचार में हुई कथित लापरवाही और असमय निधन के मामले में प्रशासन ने कड़ा रुख अख्तियार किया है। स्वास्थ्य विभाग और उच्चाधिकारियों द्वारा मामले की जांच रिपोर्ट सामने आने के बाद डॉ. सोनल अग्रवाल को तत्काल प्रभाव से सेवा से बर्खास्त कर दिया गया है।
जांच के बाद गिरी गाज
घटना के अनुसार, प्रसव के लिए भर्ती कराई गईं स्व. कल्पना मिश्रा की स्थिति बिगड़ने के बाद इलाज के अभाव और लापरवाही के चलते उनकी जान चली गई थी। इस घटना के बाद मृतका के परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन और संबंधित चिकित्सक पर गंभीर आरोप लगाते हुए सख्त कार्रवाई की मांग को लेकर प्रदर्शन किया था।
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए प्रशासन ने एक उच्चस्तरीय जांच समिति का गठन किया था। समिति की रिपोर्ट में प्रथम दृष्टया कर्तव्य में घोर लापरवाही और चिकित्सीय प्रोटोकॉल के उल्लंघन की पुष्टि हुई, जिसके आधार पर डॉ. सोनल अग्रवाल को बर्खास्त करने के आदेश जारी किए गए।