स्वच्छ रामपुर की दिशा में नगर परिषद की पहल
- सफाई के बाद स्ट्रीट वेंडर्स को व्यवस्थित किया
Bushahr Today TV
रामपुर बुशहर। स्वच्छ एवं व्यवस्थित रामपुर की दिशा में नगर परिषद रामपुर बुशहर ने पहल करते हुए अस्पताल के समीप सब्जी विक्रेताओं द्वारा इस्तेमाल किए जा रहे स्थान पर विशेष सफाई अभियान चलाया। क्षेत्र में लंबे समय से बनी अव्यवस्था को दूर करने के बाद नगर परिषद ने स्ट्रीट वेंडर्स को चिन्हित अस्थायी स्थान आवंटित कर उन्हें व्यवस्थित रूप से बैठाया।
अभियान के दौरान पहले पूरे क्षेत्र की साफ-सफाई करवाई गई। इसके बाद सब्जी विक्रेताओं को निर्धारित स्थान पर बैठाया गया। नगर परिषद ने स्ट्रीट वेंडर्स को निर्देश दिए कि वे निर्धारित सीमा के भीतर ही अपना सामान रखें और अपने आसपास गंदगी न फैलाएं। परिषद की ओर से स्पष्ट किया गया कि कार्रवाई का उद्देश्य किसी भी व्यक्ति के रोजगार को प्रभावित करना नहीं, बल्कि रोजगार के साथ-साथ स्वच्छता, यातायात और सार्वजनिक व्यवस्था को बेहतर बनाना है।
इस दौरान नगर परिषद के उपप्रधान रोहित नेगी, वार्ड नंबर पांच की पार्षद निकिता गुप्ता, नगर परिषद के एसडीओ, जेई सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे। नगर परिषद पदाधिकारियों ने मौके पर व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए वेंडर्स को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।
नगर परिषद के अध्यक्ष करण शर्मा ने कहा कि स्वच्छ एवं व्यवस्थित रामपुर की दिशा में यह अभियान केवल शुरुआत है। आने वाले समय में शहर के विभिन्न क्षेत्रों में चरणबद्ध तरीके से सफाई व्यवस्था को बेहतर करने, अतिक्रमण और अव्यवस्था को व्यवस्थित करने तथा जनसुविधाओं में सुधार के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।
नगर परिषद ने शहरवासियों और स्ट्रीट वेंडर्स से अभियान में सहयोग करने की अपील की है। परिषद का कहना है कि नागरिकों और दुकानदारों के सामूहिक सहयोग से ही स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित रामपुर के लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है।
Rampur, Shimla | Sep 10, 2026