डीएम ने टीएचआर प्लांट का किया निरीक्षण, बोले— पुष्टाहार की गुणवत्ता से नहीं होगा कोई समझौता
प्रतापगढ़ के जिलाधिकारी अभिषेक पाण्डेय ने विकास खंड कुंडा के ग्राम बछन्दामऊ स्थित सूरज प्रेरणा लघु उद्योग राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) टीएचआर इकाई का निरीक्षण कर तैयार किए जा रहे पुष्टाहार की गुणवत्ता और निर्माण प्रक्रिया का गहन जायजा लिया। उन्होंने स्वयं सहायता समूह की महिलाओं द्वारा संचालित इकाई में तैयार हो रहे उत्पादों की गुणवत्ता, पैकेजिंग, भंडारण व्यवस्था और स्वच्छता मानकों का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने स्वयं सहायता समूह की महिलाओं से उत्पादन प्रक्रिया, कच्चे माल की उपलब्धता, तैयार उत्पाद की गुणवत्ता और वितरण व्यवस्था की जानकारी ली। महिलाओं ने टीएचआर इकाई के संचालन और कार्यप्रणाली से संबंधित जानकारी भी उन्हें दी।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि बच्चों, गर्भवती महिलाओं और धात्री माताओं के पोषण से जुड़े उत्पादों की गुणवत्ता के साथ किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को समय-समय पर पुष्टाहार के नमूनों की प्रयोगशाला से जांच कराने के निर्देश दिए, ताकि लाभार्थियों तक निर्धारित मानकों के अनुरूप गुणवत्तायुक्त उत्पाद पहुंच सके।
निरीक्षण के दौरान उपजिलाधिकारी कुंडा वाचस्पति सिंह सहित संबंधित अधिकारी और स्वयं सहायता समूह की महिलाएं मौजूद रहीं।
इसके बाद जिलाधिकारी ने विकास खंड कुंडा के ग्राम परसीपुर पहुंचकर एक शिकायत के संबंध में स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने मौके पर मौजूद अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए तथा ग्रामीणों से संवाद कर विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन की जानकारी ली और उनका फीडबैक भी प्राप्त किया।