सरोल पंचायत की पहाड़ियों से हो रहे भू-स्खलन और बाढ़ से नुकसान का होगा निरीक्षण
जिला परिषद उपाध्यक्ष लियाकत अली ने विधायक नीरज नैय्यर को सौंपा पत्र, संयुक्त कमेटी गठित करने की मांग
चंबा, 24 सितंबर 2026। ग्राम पंचायत सरोल की ऊपरी पहाड़ियों पर वर्ष 2019 से लगातार बरसात के मौसम में हो रहे तेज बहाव, बाढ़ और मलबे के कारण नीचे बसे घोलटी-1, घोलटी-2 और नलहेड़ गांव के लोगों के घरों और जमीनों को हो रहे नुकसान को लेकर जिला परिषद चंबा के उपाध्यक्ष लियाकत अली ने चंबा सदर के विधायक नीरज नैय्यर को पत्र सौंपकर आवश्यक कार्रवाई की मांग की है।
पत्र में लियाकत अली ने बताया कि भारी बारिश के दौरान सरोल की ऊपरी पहाड़ियों से पानी का तेज बहाव और मलबा नीचे की ओर आने से लोगों के घरों व कृषि भूमि को नुकसान पहुंच रहा है। इससे ग्रामीणों को अपनी जमीनों पर फसल उगाने में भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
उन्होंने बताया कि 27 जुलाई की रात हुई भारी बारिश के बाद भी सरोल क्षेत्र में नीचे की ओर तेज पानी के बहाव और मलबे से लोगों की जमीनों एवं घरों को काफी नुकसान हुआ। इस संबंध में 28 जुलाई 2026 को एसडीएम चंबा के समक्ष भी मामला उठाया गया था।
लियाकत अली ने विधायक से मांग की है कि एसडीएम चंबा की अध्यक्षता में कृषि भू-संरक्षण विभाग, वन विभाग, खाद्य विभाग, जल शक्ति विभाग, लोक निर्माण विभाग, राजस्व विभाग, स्थानीय प्रधान तथा जिला परिषद सदस्य की संयुक्त कमेटी गठित की जाए।
उन्होंने कमेटी के माध्यम से प्रभावित क्षेत्रों का मौके पर निरीक्षण करवाकर यह आकलन करने की मांग की है कि किन-किन लोगों की जमीनों और घरों को नुकसान हुआ है। साथ ही नुकसान का प्राक्कलन तैयार कर भविष्य में होने वाले नुकसान को रोकने के लिए आवश्यक निर्माण कार्यों की संभावनाएं तलाशने और उसके लिए बजट का प्रावधान करने की मांग की गई है।
लियाकत अली ने विधायक नीरज नैय्यर से इस मामले में शीघ्र उचित कार्रवाई करने का आग्रह किया है, ताकि प्रभावित ग्रामीणों को राहत मिल सके और भविष्य में बरसात के दौरान होने वाले नुकसान को कम किया जा सके।
— हिम दृष्टि टीवी चंबा
खबर और विज्ञापन के लिए संपर्क करें: 9805322866
#Chamba #himachalpradesh #post #highlight
Chamba, Chamba | Sep 24, 2026