जिला स्तरीय नार्को समन्वय समिति की बैठक आयोजित
उपायुक्त मुकेश रेपस्वाल ने की अध्यक्षता
चंबा, 24 सितंबर
उपायुक्त मुकेश रेपस्वाल ने जिले में नशीले पदार्थों की तस्करी एवं बिक्री में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने नशे के अवैध कारोबार से अर्जित संपत्तियों के विरुद्ध भी नियमानुसार कार्रवाई करने को कहा।
उपायुक्त आज एनआईसी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग कक्ष में जिला स्तरीय नार्को समन्वय समिति (एनकार्ड) की बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। उन्होंने नशे की रोकथाम एवं प्रवर्तन कार्रवाई की समीक्षा करते हुए संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।
उपायुक्त ने कोटपा अधिनियम के प्रावधानों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने तथा तंबाकू उत्पादों की अवैध बिक्री एवं सार्वजनिक स्थानों पर धूम्रपान की रोकथाम के निर्देश दिए। उन्होंने नगर निगम चंबा तथा नगर परिषद डलहौजी के अधिकारियों को भी अपने-अपने अधिकार क्षेत्र में अवैध गतिविधियां पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।
बैठक में पुलिस अधीक्षक विजय सकलानी ने अवगत करवाया कि वर्ष 2026 में 23 सितंबर तक नशा तस्करी से संबंधित 65 मामले दर्ज कर 93 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया है। इस दौरान 18.380 किलोग्राम चरस बरामद कर 35 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया। इसी अवधि में 548.8 ग्राम चिट्टा बरामद कर 57 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया। चिट्टा/हेरोइन से संबंधित मामलों में 216.900 ग्राम सोना, 479 ग्राम चांदी, 2 आईफोन तथा 64,640 रुपये नकद भी बरामद किए गए।
इसके अतिरिक्त 2.169 किलोग्राम पोपी हस्क बरामद कर एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया, जबकि 868 पोपी के पौधे भी बरामद किए गए।
उपायुक्त ने शिक्षा, वन एवं पुलिस विभाग को जिले के ऐसे सभी स्कूल परिसरों को चिन्हित करने के निर्देश दिए, जहां भांग के पौधे उगे हुए हैं। उन्होंने इन पौधों को नियमानुसार हटाने तथा संबंधित क्षेत्रों की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने को कहा।
बैठक में गत माह आयोजित जिला स्तरीय नार्को समन्वय समिति की बैठक में लिए गए निर्णयों की अनुपालना की भी समीक्षा की गई।
बैठक में उप निदेशक उच्च शिक्षा विकास महाजन, सहायक आयुक्त आबकारी एवं कराधान नूतन महाजन, जिला कल्याण अधिकारी मंजूल ठाकुर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
#जिला #प्रशासन #चंबा #हिमाचल #प्रदेश #पोस्ट #हाईलाइट
Chamba, Chamba | Sep 24, 2026