➡️ #विश्व_सिकल_सेल_एनीमिया_दिवस : जिला चिकित्सालय में जागरूकता, परामर्श एवं स्वास्थ्य परीक्षण शिविर आयोजित
विश्व सिकल सेल एनीमिया दिवस के अवसर पर जिला चिकित्सालय बैतूल में शुक्रवार को सिकल सेल एनीमिया के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने, रोगियों को परामर्श प्रदान करने तथा स्वास्थ्य परीक्षण के लिए विशेष शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य सिकल सेल एनीमिया के उन्मूलन हेतु जनभागीदारी को बढ़ावा देना तथा नागरिकों को समय पर जांच एवं उपचार के प्रति जागरूक करना था।
कार्यक्रम में केन्द्रीय मंत्री माननीय श्री दुर्गादास उइके, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं बैतूल विधायक श्री हेमंत खंडेलवाल, आमला विधायक डॉ. योगेश पंडाग्रे, मुलताई विधायक श्री चंद्रशेखर देशमुख, जिला विकास सलाहकार समिति सदस्य श्री सुधाकर पवार सहित अन्य जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने सहभागिता की। अतिथियों ने सिकल सेल एनीमिया उन्मूलन के लिए जिले में संचालित गतिविधियों की जानकारी प्राप्त की तथा उपस्थित नागरिकों को जागरूकता का संदेश दिया।
कार्यक्रम के दौरान डॉ. अंकिता सीते द्वारा बैतूल जिले में संचालित सिकल सेल नियंत्रण एवं उन्मूलन कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की गई। उन्होंने जिले में अब तक किए गए स्क्रीनिंग कार्य, रोगी पहचान, फॉलोअप व्यवस्था, उपचार सेवाओं तथा जनजागरूकता गतिविधियों की उपलब्धियों से अतिथियों को अवगत कराया।
इस अवसर पर सिकल सेल की त्वरित एवं सटीक जांच में उपयोगी गैज़ेल मशीन का प्रदर्शन किया गया। अतिथियों ने मशीन की कार्यप्रणाली का अवलोकन कर इसकी उपयोगिता की सराहना की। विधायक श्री हेमंत खंडेलवाल एवं डॉ. योगेश पंडाग्रे ने अपने-अपने विधानसभा क्षेत्रों में सिकल सेल जांच सुविधाओं को और सुदृढ़ करने के उद्देश्य से विधायक निधि के माध्यम से गैजेल मशीन उपलब्ध कराने के लिए सकारात्मक सहयोग का आश्वासन दिया।
शिविर के दौरान 61 सिकल सेल रोगी फॉलोअप एवं स्वास्थ्य परीक्षण के लिए उपस्थित हुए, जिन्हें विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा परामर्श, आवश्यक जांच एवं उपचार संबंधी मार्गदर्शन प्रदान किया गया। रोगियों को नियमित स्वास्थ्य परीक्षण, दवा सेवन, टीकाकरण तथा जटिलताओं की रोकथाम के संबंध में जानकारी दी गई।
सिकल सेल उन्मूलन अभियान में युवाओं एवं समाज की भागीदारी बढ़ाने के उद्देश्य से 5 "सिकल मित्र" नामित किए गए। साथ ही कार्यक्रम में उपस्थित एनसीसी कैडेट्स को भी "सिकल मित्र" के रूप में जोड़ते हुए अपने-अपने क्षेत्रों में सिकल सेल जागरूकता, स्क्रीनिंग तथा विवाह पूर्व सिकल सेल कार्ड मिलान के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया गया।
कार्यक्रम में डॉ. अरुण जयसिंहपूरे, श्री राजेश आहूजा, सिविल सर्जन डॉ. जगदीश घोरे, आरएमओ डॉ. रानू वर्मा, डॉ. अंकिता सीते सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी, चिकित्सकगण एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
विशेष शिविर में सिकल सेल एनीमिया की जांच, रोगियों का स्वास्थ्य परीक्षण, चिकित्सकीय परामर्श तथा जनजागरूकता गतिविधियों का आयोजन किया गया। विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा सिकल सेल रोग की पहचान, समय पर उपचार, नियमित जांच एवं अनुवांशिक परामर्श के महत्व पर जानकारी दी गई। उल्लेखनीय है कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में वर्ष 2047 तक सिकल सेल एनीमिया उन्मूलन का राष्ट्रीय लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसी क्रम में बैतूल जिले में विशेष रूप से जनजातीय क्षेत्रों में सिकल सेल स्क्रीनिंग, रोगियों की पहचान, उपचार, फॉलोअप एवं जनजागरूकता अभियान निरंतर संचालित किए जा रहे हैं। स्वास्थ्य विभाग द्वारा नागरिकों से अपील की गई कि वे सिकल सेल की जांच अवश्य कराएं, अपने सिकल सेल स्टेटस की जानकारी रखें तथा विवाह पूर्व सिकल सेल कार्ड का मिलान अवश्य करें। जागरूकता, समय पर जांच एवं जनभागीदारी के माध्यम से ही सिकल सेल मुक्त समाज का निर्माण संभव है।
CM Madhya Pradesh
Jansampark Madhya Pradesh
Directorate of Health Services, Madhya Pradesh
#WorldSickleCellDay
#JansamparkMP
#बैतूल
#betul
26 views | Betul, Madhya Pradesh | Jun 19, 2026