*बस्ती: जिला कृषि विभाग कार्यालय के सामने 3 महीने पहले बनी पुलिया भरभराकर धंसी, गेहूं के बीज से लदा ट्रक फंसा, PWD के घटिया निर्माण की खुली पोल*
*बस्ती।* जनपद में सरकारी निर्माण कार्यों में भ्रष्टाचार का एक और बड़ा नमूना सामने आया है। जिला कृषि विभाग कार्यालय, बस्ती के मुख्य गेट के सामने बनी पुलिया रात में भरभराकर टूट गई। गनीमत यह रही कि रात का समय था, वरना बड़ा हादसा हो सकता था।
जानकारी के अनुसार आज रात लगभग 10:00 बजे गेहूं के बीज से लदा एक ट्रक कृषि विभाग कार्यालय पर बीज लेकर पहुंचा था। यहीं से पूरे जिले को बीज की सप्लाई की जाती है। ट्रक जैसे ही पुलिया पर चढ़ा, पुलिया का स्लैब भरभराकर टूट गया और ट्रक का पिछला पहिया पुलिया में धंस गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रक नंबर UP-82 T-6146 का टायर पुलिया के अंदर घुस गया। फोटो में साफ दिख रहा है कि पुलिया की ढलाई कितनी घटिया थी।
बताया जा रहा है कि इस पुलिया का निर्माण मात्र 3 महीने पहले ही लोक निर्माण विभाग (PWD) द्वारा कराया गया था। तीन महीने में ही पुलिया का इस तरह टूट जाना उसकी गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़ा करता है।
विभागीय सूत्रों का कहना है कि जब पुलिया का निर्माण चल रहा था, तभी कृषि विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों ने ठेकेदार से कहा था कि पुलिया की गुणवत्ता ठीक नहीं है। लेकिन किसी ने ध्यान नहीं दिया।
सबसे बड़ी लापरवाही तो यह है कि पुलिया पर अप्रोच रोड तक नहीं बनाया गया था। अधूरी पुलिया को ही आवागमन के लिए छोड़ दिया गया था। यह तो कहिए कि रात 10 बजे की घटना थी और सड़क पर भीड़ नहीं थी, इसलिए कोई जन-माल की हानि नहीं हुई, वरना दिन में बड़ा हादसा हो सकता था।
फिलहाल पुलिया टूटने से कृषि विभाग में बीज की सप्लाई बाधित हो गई है और किसानों को बीज लेने में दिक्कतों का सामना करना पड़ेगा। अब सवाल उठता है कि घटिया निर्माण की जांच कौन करेगा? क्या PWD के जेई और ठेकेदार पर कार्रवाई होगी?
MYogiAdityanath
संवाददाता हरी ओम प्रकाश
राष्ट्रीय हिंदी दैनिक कौटिल्य का भारत
Basti, Basti | Nov 2, 2026