जनहित के विकास कार्यों को लेकर उपायुक्त कांगड़ा से मिला ग्राम पंचायत कलोहा का प्रतिनिधिमंडल
कलोहा पंचायत के विकास कार्यों की प्रगति पर चर्चा, समस्याओं के स्थायी समाधान की उठाई मांग
सवेरा न्यूज:प्रदीप ठाकुर
रक्कड़ :28 अक्टूबर:ग्राम पंचायत कलोहा के विकास कार्यों को गति देने तथा जनहित से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों के समाधान के उद्देश्य से पंचायत प्रतिनिधिमंडल ने उपायुक्त कांगड़ा हेमराज से मुलाकात की। इस दौरान पंचायत क्षेत्र में चल रहे एवं प्रस्तावित विकास कार्यों की प्रगति पर चर्चा की गई। साथ ही, स्थानीय जनता से जुड़े विभिन्न मुद्दों से उपायुक्त को अवगत करवाया गया।
प्रतिनिधिमंडल में ग्राम पंचायत प्रधान महेंद्र सिंह, उपप्रधान दिलजीत सिंह, वार्ड पंच पंकज चौधरी, पूनम, नेहा, सरला देवी और सोमलता शामिल रहे। पंचायत प्रतिनिधियों ने कलोहा क्षेत्र में जनहित से जुड़े महत्वपूर्ण कार्यों की जानकारी उपायुक्त के समक्ष रखी तथा संबंधित विषयों से जुड़े आवश्यक दस्तावेज भी प्रस्तुत किए।
पंचायत प्रतिनिधियों ने उम्मीद जताई कि उपायुक्त हेमराज क्षेत्र की समस्याओं को गंभीरता से समझते हुए उनके समाधान के लिए उचित कदम उठाएंगे, ताकि स्थानीय लोगों को राहत मिल सके और विकास कार्यों को आगे बढ़ाया जा सके।
इस अवसर पर पंचायत प्रतिनिधियों ने कहा कि पंचायत का मुख्य उद्देश्य जनता की समस्याओं को प्रशासन तक पहुंचाना और उनके स्थायी समाधान के लिए प्रयास करना है। उन्होंने जनहित के मुद्दों को प्राथमिकता देने तथा विकास कार्यों को गति प्रदान करने की प्रतिबद्धता भी जताई।
अंत में ग्राम पंचायत कलोहा के प्रतिनिधियों एवं समस्त पंचायतवासियों की ओर से उपायुक्त कांगड़ा हेमराज का आभार व्यक्त किया गया। पंचायत प्रतिनिधियों ने कहा कि जनहित के कार्यों के लिए प्रशासन और पंचायत के बीच बेहतर समन्वय से क्षेत्र के विकास को नई दिशा मिल सकती है।
Rakkar, Kangra | Nov 4, 2026