महिलाओं एवं किशोरियों को अधिकार, सुरक्षा एवं कल्याणकारी योजनाओं के प्रति किया गया जागरूक,सखी वार्ता कार्यक्रम में बाल विवाह, दहेज प्रथा एवं साइबर अपराध से बचाव की दी गई जानकारी।
महिला एवं बाल विकास निगम, समाज कल्याण विभाग, बिहार सरकार द्वारा संचालित मिशन शक्ति योजना के अंतर्गत जिला हब फॉर एमपावरमेंट ऑफ वीमेन एवं सखी वन स्टॉप सेंटर के संयुक्त तत्वावधान में आज दिनांक 05 सितंबर 2026 को सन्देश जीविका महिला स्वालम्बी सहकारी समिति लिमिटेड, नावाडीह, कौआकोल प्रखंड में “सखी वार्ता” कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता अनुपम, प्रखंड परियोजना प्रबंधक, कौआकोल, जीविका द्वारा की गई।
कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं एवं किशोरियों को उनके अधिकारों, सुरक्षा, शिक्षा, महिला एवं बाल संरक्षण तथा सरकारी कल्याणकारी योजनाओं के प्रति जागरूक करना था। इस दौरान बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ अभियान, बाल विवाह की रोकथाम, इसके दुष्परिणाम एवं कानूनी प्रावधानों के संबंध में जानकारी दी गई।
लैंगिक विशेषज्ञ पंकज कुमार ने दहेज प्रतिषेध अधिनियम, दहेज प्रथा के सामाजिक दुष्परिणाम एवं लैंगिक हिंसा के विरुद्ध महिलाओं को आवाज उठाने के लिए प्रेरित किया। साथ ही चाइल्ड हेल्पलाइन-1098, महिला हेल्पलाइन-181 एवं राष्ट्रीय साइबर क्राइम हेल्पलाइन-1930 की जानकारी देते हुए साइबर अपराध से बचाव एवं शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया समझाई गई।
उपस्थित छात्र-छात्राओं एवं अभिभावकों को बिहार स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड योजना के तहत उच्च शिक्षा हेतु उपलब्ध वित्तीय सहायता एवं आवेदन प्रक्रिया की जानकारी दी गई। सखी वन स्टॉप सेंटर की केस वर्कर रजनी कुमारी ने महिलाओं एवं बालिकाओं को उनके अधिकारों तथा वन स्टॉप सेंटर में उपलब्ध सुविधाओं के बारे में बताया।
कार्यक्रम के अंत में अनुपम ने लोगों से अपील की कि वे स्वयं जागरूक होने के साथ-साथ परिवार एवं समाज को भी महिला एवं बाल सुरक्षा, शिक्षा तथा सरकारी योजनाओं के प्रति जागरूक करें। उन्होंने कहा कि सामूहिक सहभागिता से ही बाल विवाह, दहेज प्रथा, महिला हिंसा एवं बाल अधिकारों के उल्लंघन जैसी सामाजिक कुरीतियों का प्रभावी उन्मूलन संभव है।
नवादा से राकेश कुमार चन्दन की रिपोर्ट !
Nawada, Nawada | Sep 5, 2026