चायल के ऐतिहासिक गुरुद्वारा साहिब में श्रद्धा और उल्लास से मनाया गुरु नानक देव जी का प्रकाश पर्व
भारी संख्या में संगत ने गुरुद्वारा साहिब में नवाया शीश, गुरबाणी कीर्तन और गुरु महिमा के गुणगान से भक्तिमय हुआ वातावरण
‘किरत करो, नाम जपो और वंड छको’ का दिया संदेश, गुरु का अटूट लंगर बरताया गया
चायल। चायल स्थित ऐतिहासिक गुरुद्वारा साहिब में सिखों के प्रथम गुरु श्री गुरु नानक देव जी का प्रकाश पर्व बड़ी श्रद्धा, उल्लास और भक्तिभाव के साथ मनाया गया। इस पावन अवसर पर क्षेत्र सहित आसपास के इलाकों से भारी संख्या में संगत गुरुद्वारा साहिब पहुंची और गुरु चरणों में शीश नवाकर सुख-समृद्धि की कामना की।
प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य में मंगलवार को गुरुद्वारा साहिब में विशेष धार्मिक दीवान सजाया गया। इस दौरान गुरबाणी कीर्तन और गुरु महिमा के गुणगान से पूरा गुरुद्वारा परिसर भक्तिमय हो उठा। श्रद्धालुओं ने पूरी श्रद्धा और तन्मयता के साथ गुरबाणी कीर्तन का श्रवण किया और गुरु घर की खुशियां प्राप्त कीं।
इस अवसर पर कथावाचकों ने श्री गुरु नानक देव जी के जीवन, उनके संघर्षों और महान शिक्षाओं पर प्रकाश डाला। उन्होंने संगत को गुरु जी के बताए सिद्धांतों 'किरत करो, नाम जपो और वंड छको' को अपने जीवन में अपनाने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि गुरु नानक देव जी ने हमेशा मानवता, समानता, सेवा, प्रेम और आपसी भाईचारे का संदेश दिया। उनकी शिक्षाएं आज भी समाज को सही दिशा दिखाने का काम कर रही हैं।
धार्मिक दीवान की समाप्ति पर सरबत के भले के लिए अरदास की गई। इसके उपरांत गुरु का अटूट लंगर बरताया गया। भारी संख्या में पहुंचे श्रद्धालुओं ने पंगत में बैठकर श्रद्धापूर्वक लंगर का प्रसाद ग्रहण किया।
इस दौरान सेवादारों ने भी पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ जोड़ा घर तथा लंगर सेवा में अपना योगदान दिया। प्रकाश पर्व के आयोजन ने क्षेत्र में धार्मिक आस्था, सामाजिक समरसता और आपसी भाईचारे का संदेश दिया।