परलीपोस में बालू के कथित अवैध स्टॉक पर सवाल, 40-45 ट्रैक्टरों से दिन-रात ढुलाई का आरोप
गोईलकेरा थाना प्रभारी से ग्रामीणों का सवाल—आखिर किसके संरक्षण में चल रहा बालू का कारोबार? खनन विभाग और जिला प्रशासन की भूमिका पर भी उठे सवाल।
गोईलकेरा। पश्चिमी सिंहभूम जिले के गोईलकेरा थाना क्षेत्र अंतर्गत परलीपोस गांव में बड़े पैमाने पर बालू का स्टॉक किए जाने का मामला चर्चा में है। ग्रामीणों का आरोप है कि आनंदपुर प्रखंड के रोबोकेड़ा थाना क्षेत्र के जोरोबारी गांव से बालू उठाकर परलीपोस में जमा किया जा रहा है। इस कार्य में कथित तौर पर दिन-रात करीब 40 से 45 ट्रैक्टर लगाए जा रहे हैं।
ग्रामीणों का सवाल है कि आखिर इतनी बड़ी संख्या में ट्रैक्टरों से बालू का परिवहन और भंडारण किसकी अनुमति से किया जा रहा है? क्या संबंधित खनन विभाग और स्थानीय पुलिस प्रशासन को इसकी जानकारी नहीं है? यदि जानकारी है, तो अब तक जांच और कार्रवाई क्यों नहीं हुई?