“नशे से दूरी है जरूरी 2.0” अभियान के तहत विद्यार्थियों को किया जागरूक
कलेक्टर डॉ. योगेश तुकाराम भरसट के निर्देशानुसार एवं उपसंचालक सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग श्री पंकज साँवले के मार्गदर्शन में जिले में “नशे से दूरी है जरूरी 2.0” अभियान के अंतर्गत 15 से 30 जुलाई 2026 तक विभिन्न जागरूकता गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है।
इसी क्रम में शासकीय कलापथक दल द्वारा शासकीय उत्कृष्ट सीनियर बालक छात्रावास, झाबुआ तथा माध्यमिक विद्यालय, ग्राम पंचायत मिण्डल में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को नशे के दुष्परिणामों से अवगत कराते हुए बताया गया कि नशा युवाओं के लिए सबसे बड़ा खतरा है। यह न केवल स्वास्थ्य को गंभीर रूप से प्रभावित करता है, बल्कि परिवारों को टूटने की स्थिति तक पहुँचा देता है तथा व्यक्ति को अपराध की ओर भी धकेल सकता है। वक्ताओं ने कहा कि जागरूकता और जनसहभागिता के माध्यम से ही नशे जैसी सामाजिक बुराई पर प्रभावी नियंत्रण पाया जा सकता है।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण शासकीय कलापथक दल की सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ रहीं। दल ने प्रेरणादायी गीतों एवं लोकसांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से विद्यार्थियों को नशामुक्त जीवन अपनाने का संदेश दिया तथा बताया कि “नशे से दूरी ही सच्ची खुशी और उज्ज्वल भविष्य की कुंजी है।”
इस अवसर पर विद्यार्थियों को नशे से संबंधित कानूनी प्रावधानों एवं दंडात्मक प्रावधानों की जानकारी भी दी गई। साथ ही नशामुक्ति हेल्पलाइन 14446 एवं पुलिस हेल्पलाइन 100 के संबंध में जानकारी प्रदान की गई। कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों को नशामुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने एवं स्वयं नशे से दूर रहने की शपथ भी दिलाई गई।
Jansampark Madhya Pradesh CM Madhya Pradesh Indore Commissioner Social Justice and Disabled Welfare Department ,Madhya Pradesh Jhabua Police #Jhabua #JansamparkMP