'झाबुआ की आकांक्षा' अभियान के तहत फिल्ड अधिकारियों को विद्यालय निरीक्षण का प्रशिक्षण
104 अधिकारियों को इंस्पेक्शन ऐप के उपयोग एवं विद्यालय मूल्यांकन की प्रक्रिया से कराया गया अवगत
कलेक्टर डॉ. योगेश तुकाराम भरसट के निर्देशानुसार जिले के विद्यालयों में शिक्षा की गुणवत्ता एवं आधारभूत संरचना को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से जिला प्रशासन झाबुआ द्वारा 'झाबुआ की आकांक्षा' अभियान के अंतर्गत एक महत्वपूर्ण पहल की गई। अभियान के तहत कक्षा 1 से 8 तक के विद्यालयों के निरीक्षण के लिए विभिन्न विभागों के फिल्ड अधिकारियों को जिला पंचायत सभाकक्ष में प्रशिक्षण प्रदान किया गया। प्रशिक्षण कार्यक्रम में कुल 104 फिल्ड अधिकारियों ने सहभागिता की।
प्रशिक्षण के दौरान अधिकारियों को क्षेत्र भ्रमण के समय विद्यालयों के निरीक्षण हेतु विकसित इंस्पेक्शन ऐप के प्रभावी उपयोग की विस्तृत जानकारी दी गई। उन्हें ऐप को एक्सेस करने, निरीक्षण के दौरान आवश्यक जानकारियां दर्ज करने तथा निर्धारित मानकों के अनुसार विद्यालयों का मूल्यांकन करने की प्रक्रिया का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में कलेक्टर डॉ. योगेश तुकाराम भरसट ने वीसी के माध्यम से संबोधित करते हुए उन्हें पूरी निष्ठा, जिम्मेदारी एवं समर्पण के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, सुदृढ़ आधारभूत संरचना तथा बच्चों का सर्वांगीण विकास जिले के समग्र विकास की आधारशिला है। उन्होंने अधिकारियों से अपेक्षा की कि वे नियमित विद्यालय निरीक्षण कर कमियों की पहचान करें तथा उनके त्वरित निराकरण के लिए प्रभावी प्रयास सुनिश्चित करें, जिससे जिले के प्रत्येक विद्यार्थी को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध हो सके।
प्रशिक्षण का संचालन डिप्टी कलेक्टर श्रीमती रीतिका पाटीदार द्वारा किया गया। उन्होंने अधिकारियों को ऐप की कार्यप्रणाली एवं निरीक्षण प्रक्रिया को सरल एवं व्यवहारिक तरीके से समझाते हुए बताया कि नियमित एवं गुणवत्तापूर्ण निरीक्षण से विद्यालयों की शैक्षणिक एवं आधारभूत व्यवस्थाओं में अपेक्षित सुधार सुनिश्चित किया जा सकेगा। जिला लोक सेवा प्रबंधक श्री संत कुमार चौबे द्वारा इंस्पेक्शन ऐप डेवलप किया गया। साथ ही प्रशिक्षण के दौरान एप से संबंधित फिल्ड अधिकारियों को आवश्यक तकनीकी मार्गदर्शन एवं सहयोग प्रदान किया गया।
इस दौरान फील्ड अधिकारी उपस्थित रहे।
Jansampark Madhya Pradesh CM Madhya Pradesh Indore Commissioner #Jhabua #JansamparkMP