आरोह 2026 : खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक किया जूम्बा डांस
खेल एवं युवा कल्याण विभाग, पुलिस विभाग, आदिवासी विकास विभाग, शिक्षा विभाग तथा विभिन्न खेल संघों के सहयोग से आयोजित ग्रीष्मकालीन खेल प्रशिक्षण शिविर "आरोह-2026" का आयोजन 15 मई से 15 जून 2026 तक जिला एवं विकासखंड मुख्यालयों पर किया जा रहा है। शिविर कलेक्टर डॉ. योगेश तुकाराम भरसट एवं पुलिस अधीक्षक श्री देवेन्द्र पाटीदार के मार्गदर्शन में संचालित हो रहा है।
शिविर के अंतर्गत विद्यार्थियों में खेलों के प्रति रुचि विकसित करने, शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य को सुदृढ़ बनाने, प्रतिभाशाली खिलाड़ियों की पहचान एवं प्रोफाइलिंग, व्यक्तित्व एवं नेतृत्व क्षमता का विकास करने तथा युवाओं को नशामुक्ति, साइबर सुरक्षा एवं सामाजिक विषयों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है।
जिला खेल अधिकारी श्री विजय कुमार सलाम ने बताया कि इसी क्रम में 03 जून 2026 को पुलिस लाइन झाबुआ में शिविर के प्रतिभागी खिलाड़ियों के लिए संस्कृति एवं मनोरंजन गतिविधि के अंतर्गत जूम्बा डांस सत्र आयोजित किया गया। इस अवसर पर श्री मुकेश बुन्देला द्वारा खिलाड़ियों को जूम्बा डांस का प्रशिक्षण दिया गया। खिलाड़ियों ने पूरे उत्साह और ऊर्जा के साथ सहभागिता करते हुए डांस की विभिन्न गतिविधियों का आनंद लिया।
उन्होंने बताया कि जूम्बा डांस न केवल मनोरंजन का प्रभावी माध्यम है, बल्कि इससे शरीर की फिटनेस, लचीलापन एवं ताजगी बनी रहती है तथा मानसिक उत्साह में भी वृद्धि होती है। इस गतिविधि के माध्यम से खिलाड़ियों को खेलों के साथ-साथ संस्कृति एवं मनोरंजन से जुड़ी विधाओं की भी जानकारी प्राप्त हुई।
कार्यक्रम में पुरोहित, हैंडबॉल प्रशिक्षक श्री अवलोक शर्मा, एथलेटिक्स प्रशिक्षक सुश्री शिफाली मसीह, तीरंदाजी प्रशिक्षक श्री जयन्तीलाल परमार, श्री जेवेन्द्र बोराडे, खो-खो प्रशिक्षक सुश्री रजनी पाल सहित बड़ी संख्या में बालक एवं बालिका खिलाड़ी उपस्थित रहे।
Jansampark Madhya Pradesh CM Madhya Pradesh Indore Commissioner Department of Sports & Youth Welfare, Madhya Pradesh #jhabua #JansamparkMP
Jhabua, Madhya Pradesh | Jun 4, 2026