अटल वयो अभ्युदय योजना के तहत सामुदायिक सहभागिता पर कार्यक्रम आयोजित
-----
कलेक्टर सुश्री शीला दाहिमा के मार्गदर्शन में सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग द्वारा अटल वयो अभ्युदय योजना के अंतर्गत प्रेरणा वृद्धाश्रम में संवेदनशीलता एवं जन-जागरूकता अभियान के तहत आज वरिष्ठजनों के प्रति सम्मान, संवेदनशीलता, पारिवारिक एवं सामुदायिक सहयोग की भावना विकसित करने, संवाद स्थापित करने तथा सांस्कृतिक व मनोरंजनात्मक गतिविधियाँ आयोजित की गई।
कार्यक्रम के दौरान युवाओं ने बुजुर्गों के पास बैठकर उनसे सीधा संवाद किया और उनके जीवन के खट्टे-मीठे अनुभवों व संस्मरणों को सुना। कई बुजुर्गों ने अपने पुराने दिनों के गीत और कविताएं सुनाकर सभी का मन मोह लिया।
कार्यक्रम में युवा कार्यक्रम की जिला अधिकारी सुश्री विनीता चौधरी एवं वॉलंटियर श्री शिवकुमार दौहरे उपस्थित रहे। साथ ही जन अभियान परिषद से जिला समन्वयक श्रीमती नेहा सिंह, ब्लॉक समन्वयक श्रीमती शाहीन परवीन एवं नवांकुर संस्था के वॉलंटियर श्री नीतेश भारद्वाज, श्री दिनेश मीणा, श्री कल्याण मारू एवं श्री दिलीप सिंह ने सहभागिता की। इसके अतिरिक्त सामाजिक न्याय विभाग के प्रभारी उपसंचालक श्री सौरभ सिंह राय, सामाजिक सुरक्षा अधिकारी एवं नोडल अधिकारी श्री ओमबीर रघुवंशी, प्रेरणा वृद्धाश्रम के सचिव श्री धर्मेन्द्र शर्मा, प्रबंधक श्री मनोज वैष्णव तथा अन्य विभागीय कर्मचारी एवं स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।
कार्यक्रम के दौरान युवा कार्यक्रम की जिला अधिकारी सुश्री विनीता चौधरी ने कहा कि युवा पीढ़ी को बुजुर्गों के अनुभवों से सीख लेनी चाहिए और उनके साथ समय बिताकर उन्हें सामाजिक संबल प्रदान करना चाहिए। जन अभियान परिषद की जिला समन्वयक श्रीमती नेहा सिंह ने बताया कि सामुदायिक संगठनों की सहभागिता से ही समाज में वरिष्ठ नागरिकों के लिए एक संवेदनशील और सहयोगी वातावरण तैयार किया जा सकता है। सत्र के दौरान उपस्थित अतिथियों और युवाओं ने वृद्धाश्रम के बुजुर्गों के साथ सीधा संवाद स्थापित किया, उनके अनुभव साझा किए। कार्यक्रम के अंत में प्रेरणा वृद्धाश्रम के सचिव श्री धर्मेन्द्र शर्मा एवं प्रबंधक श्री मनोज वैष्णव ने उपस्थित सभी अधिकारियों, अतिथियों व युवा स्वयंसेवकों का हृदय से आभार व्यक्त किया।
-
CM Madhya Pradesh
Jansampark Madhya Pradesh
#JansamparkMP
#sheopur