उदयपुर। शहर में झूलते बिजली के तारों, विद्युत पोलों के आसपास पेड़ों की टहनियों और अव्यवस्थित खंभों की समस्या को लेकर महापौर पारस सिंघवी और नगर निगम आयुक्त अभिषेक खन्ना ने गुरुवार को नगर निगम में आरएसईबी अधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक में जनसुरक्षा और शहर की सुंदरता को प्राथमिकता देते हुए समस्याओं का जल्द समाधान करने के निर्देश दिए गए।
महापौर पारस सिंघवी ने कहा कि शहर के विभिन्न वार्डों में बिजली के खंभों के पास पेड़ों की टहनियां विद्युत तारों के संपर्क में आने की आशंका बनी हुई है। इस संबंध में पार्षदों की ओर से लगातार शिकायतें मिल रही हैं। उन्होंने विद्युत विभाग को तत्काल छंगाई करवाने और संभावित हादसों को रोकने के निर्देश दिए।
बैठक में स्मार्ट सिटी क्षेत्रों और पुराने शहर की संकरी गलियों में नीचे तक झूल रहे बिजली के तारों को व्यवस्थित करने पर भी जोर दिया गया। विद्युत पोलों पर निजी व्यक्तियों की ओर से डाले गए अनधिकृत तारों को हटाने की कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। वहीं, उदियापोल क्षेत्र में खुले पड़े हाई पावर विद्युत तारों का तत्काल निरीक्षण कर आवश्यक मरम्मत करने को कहा गया।