कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा के निर्देश पर सीईओ जिला पंचायत ने किया उपार्जन एवं खाद भंडारण केंद्रों का औचक निरीक्षण
किसानों को समय पर भुगतान, सुचारु खाद वितरण एवं बेहतर व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के दिए निर्देश
कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा के निर्देशानुसार मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ) जिला पंचायत श्री हिमांशु जैन ने बुधवार को जिले के उपार्जन केंद्रों एवं खाद भंडारण केंद्रों का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने किसानों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने, समयबद्ध उपार्जन, शीघ्र भुगतान तथा खाद वितरण व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। सीईओ श्री जैन ने बनापुरा स्थित पालीवाल वेयरहाउस उपार्जन केंद्र का निरीक्षण कर समर्थन मूल्य पर उपज खरीदी, तौल व्यवस्था, बारदानों की उपलब्धता एवं अन्य व्यवस्थाओं का अवलोकन किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि उपार्जन केंद्रों पर आने वाले किसानों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो तथा खरीदी की पूरी प्रक्रिया पारदर्शी एवं व्यवस्थित ढंग से संचालित की जाए।
उन्होंने खरीदी के उपरांत किसानों को समय पर भुगतान सुनिश्चित करने के उद्देश्य से स्वीकृति पत्रक (एक्सेप्टेंस नोट) एवं वेयरहाउस रसीद (डब्ल्यूएचआर) तैयार करने के कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इन कार्यों में किसी भी प्रकार की लंबित स्थिति नहीं रहनी चाहिए। निरीक्षण के दौरान सीईओ ने बनापुरा के डबल लॉक सेंटर तथा सांवलखेड़ा सहकारी समिति का भी निरीक्षण किया। उन्होंने यूरिया, डीएपी सहित अन्य उर्वरकों के उपलब्ध स्टॉक की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को किसानों की मांग के अनुरूप खाद का नियमित वितरण सुनिश्चित करने तथा किसी भी प्रकार की कालाबाजारी पर प्रभावी रोक लगाने के निर्देश दिए।
सीईओ श्री जैन ने उपार्जन केंद्रों पर किसानों के लिए पेयजल, छायादार विश्राम स्थल एवं बैठने जैसी मूलभूत सुविधाएं बेहतर बनाए रखने के भी निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि किसानों के साथ किसी भी प्रकार की लापरवाही या दुर्व्यवहार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। नियमों का उल्लंघन करने वाले उपार्जन केंद्रों एवं सहकारी समितियों के विरुद्ध नियमानुसार कड़ी प्रशासनिक कार्रवाई की जाएगी। निरीक्षण के दौरान उप संचालक कृषि श्री रविकांत सिंह, जिला विपणन अधिकारी श्री अनिल कुमार जैन, उपायुक्त सहकारिता श्री शिवम मिश्रा सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
#narmadapuram CM Madhya Pradesh Dr Mohan Yadav Jansampark Madhya Pradesh