समाजसेवक संजय कंवर ने शिमला में उठाया दिव्यांग सोमदत्त की बंद पेंशन का मामला
हाथ-पैर न होने के कारण आधार कार्ड और KYC में आई बाधा, अंडर सचिव डॉ. गोपाल कृष्ण ने जल्द पेंशन बहाली का दिया आश्वासन
शिमला/सिरमौर। सिरमौर जिले की कोड़गा पंचायत के खनलोग गांव निवासी दिव्यांग सोमदत्त की बंद हुई पेंशन का मामला समाजसेवक संजय कंवर ने शिमला में उठाया। उन्होंने सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग, हिमाचल प्रदेश के अंडर सचिव डॉ. गोपाल कृष्ण से मुलाकात कर उन्हें ज्ञापन सौंपा और सोमदत्त की समस्या से विस्तारपूर्वक अवगत करवाया।
संजय कंवर ने बताया कि सोमदत्त के हाथ-पैर न होने के कारण उनका आधार कार्ड नहीं बन पाया, जिसके चलते KYC प्रक्रिया पूरी नहीं हो सकी। इसी वजह से उनकी दिव्यांग पेंशन बंद हो गई। आर्थिक रूप से कमजोर और असहाय सोमदत्त के लिए पेंशन बंद होना गंभीर परेशानी का कारण बन गया है।
मामले को सुनने के बाद अंडर सचिव डॉ. गोपाल कृष्ण ने जल्द ही पेंशन बहाल करवाने का आश्वासन दिया। इससे सोमदत्त को राहत मिलने की उम्मीद जगी है।
समाजसेवक संजय कंवर ने डॉ. गोपाल कृष्ण का आभार व्यक्त करते हुए उम्मीद जताई कि विभाग जल्द कार्रवाई कर सोमदत्त की पेंशन बहाल करेगा, ताकि उन्हें आर्थिक सहायता मिल सके और किसी दिव्यांग व्यक्ति को तकनीकी प्रक्रिया के कारण अपने अधिकार से वंचित न रहना पड़े।