अररिया में 21 जून को आयोजित होगी नीट (यूजी) पुनर्परीक्षा, जिला प्रशासन ने की व्यापक तैयारी
राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) द्वारा आयोजित नीट (यूजी) पुनर्परीक्षा-2026 का आयोजन 21 जून 2026 (रविवार) को अपराह्न 2:00 बजे से 5:15 बजे तक अररिया जिला मुख्यालय स्थित 07 परीक्षा केंद्रों पर किया जाएगा। परीक्षा को स्वच्छ, शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं कदाचारमुक्त वातावरण में संपन्न कराने के लिए जिला पदाधिकारी श्री विनोद दूहन एवं पुलिस अधीक्षक श्री जितेन्द्र कुमार द्वारा संयुक्त आदेश जारी किया गया है। परीक्षा के लिए पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय, जवाहर नवोदय विद्यालय, +2 हाई स्कूल चांदनी चौक, +2 लीडर हाई स्कूल, अररिया कॉलेज, +2 आजाद एकेडमी तथा +2 महात्मा गांधी स्मारक उच्च विद्यालय को परीक्षा केंद्र बनाया गया है। परीक्षा की तैयारियों की समीक्षा एवं आवश्यक दिशा-निर्देश देने हेतु जिला पदाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक की संयुक्त अध्यक्षता में समाहरणालय स्थित परमान सभागार में ब्रीफिंग बैठक आयोजित की गई। बैठक में सभी केंद्राधीक्षक, स्टैटिक दंडाधिकारी, जोनल दंडाधिकारी, उड़नदस्ता दल, पुलिस पदाधिकारी, जिला शिक्षा पदाधिकारी, अनुमंडल पदाधिकारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी तथा परीक्षा से संबंधित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे। पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय, अररिया के प्राचार्य श्री अमित कुमार सिंह को सिटी कोऑर्डिनेटर नामित किया गया है। उन्हें सभी केंद्राधीक्षकों को प्रशिक्षण देने तथा एनटीए के दिशा-निर्देशों के अनुरूप परीक्षा संचालन सुनिश्चित कराने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। परीक्षार्थियों को पूर्वाह्न 11:00 बजे से अपराह्न 1:30 बजे तक ही परीक्षा केंद्र में प्रवेश की अनुमति होगी। इसके बाद किसी भी अभ्यर्थी को प्रवेश नहीं दिया जाएगा। परीक्षा अपराह्न 2:00 बजे प्रारंभ होगी। दिव्यांग अभ्यर्थियों को एनटीए की मार्गदर्शिका के अनुसार 65 मिनट अतिरिक्त प्रतिपूरक समय प्रदान किया जाएगा, जिससे उनके लिए परीक्षा समाप्ति का समय सायं 6:20 बजे होगा। बैठक में स्पष्ट निर्देश दिया गया कि किसी भी परीक्षार्थी को परीक्षा केंद्र में मोबाइल फोन, टैबलेट, कैलकुलेटर, ब्लूटूथ डिवाइस, ईयरफोन, स्मार्ट वॉच, बेल्ट, अंगूठी, चेन, कान की बाली, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, पेन, पेंसिल, इरेजर, रबर, शार्पनर, व्हाइटनर, स्केल अथवा अन्य प्रतिबंधित सामग्री ले जाने की अनुमति नहीं होगी। सभी कमरों में समय की समानता सुनिश्चित करने हेतु दीवार घड़ी उपलब्ध कराई जाएगी। प्रत्येक केंद्र पर सीसीटीवी एवं जैमर की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। एनटीए द्वारा जिला स्तर पर भी सीसीटीवी निगरानी की जा सकती है, जिसके लिए जिला नियंत्रण कक्ष में विशेष व्यवस्था की गई है। परीक्षा की निगरानी हेतु सभी केंद्रों पर स्टैटिक दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी, पर्यवेक्षक, प्रश्नपत्र-सह-गश्ती दल तथा उड़नदस्ता दल की प्रतिनियुक्ति की गई है। महिला परीक्षार्थियों की फ्रिस्किंग महिला दंडाधिकारी एवं महिला पुलिस बल द्वारा पृथक कक्ष में की जाएगी। परीक्षा के सफल संचालन के लिए चिकित्सा, अग्निशमन, विद्युत, यातायात एवं स्वच्छता की विशेष व्यवस्था की गई है। सिविल सर्जन को एक एंबुलेंस जिला नियंत्रण कक्ष तथा एक एंबुलेंस अररिया आरएस क्षेत्र में तैनात रखने का निर्देश दिया गया है। जिला अग्निशमन पदाधिकारी को अग्निशमन दस्ता तैयार रखने तथा विद्युत आपूर्ति प्रमंडल को निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है। नगर परिषद को परीक्षा केंद्रों के आसपास साफ-सफाई की जिम्मेदारी सौंपी गई है। जिला पदाधिकारी ने सभी केंद्राधीक्षकों को निर्देश दिया कि अभ्यर्थियों के अभिभावकों के लिए परीक्षा अवधि के दौरान केंद्र परिसर से नियमानुसार निर्धारित दूरी पर प्रतीक्षा की व्यवस्था तथा पेयजल की सुविधा उपलब्ध कराई जाए। साथ ही परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त रोशनी, स्वच्छ शौचालय एवं पेयजल की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। पुलिस अधीक्षक ने निर्देश दिया कि प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर एक महिला पुलिस पदाधिकारी, दो महिला कांस्टेबल एवं पांच अतिरिक्त पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति की जाएगी। इसके अतिरिक्त प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) के दो जवानों की भी तैनाती की जाएगी, जो प्रश्नपत्र को बैंक से परीक्षा केंद्र तक सुरक्षित पहुंचाने तथा परीक्षा अवधि के दौरान सुरक्षा व्यवस्था में सहयोग करेंगे।
पुलिस अधीक्षक ने रेलवे स्टेशन, प्रमुख चौक-चौराहों एवं परीक्षा केंद्रों के आसपास यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने का निर्देश दिया, ताकि अभ्यर्थियों को आवागमन में किसी प्रकार की कठिनाई का सामना न करना पड़े। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर परीक्षा से संबंधित भ्रामक अथवा अफवाहपूर्ण संदेशों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। किसी भी प्रकार की गलत सूचना प्रसारित करने वालों के विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी। अररिया समाहरणालय स्थित उद्योग भवन में जिला नियंत्रण कक्ष स्थापित किया गया है, जिसका दूरभाष संख्या 06453-222309 है। नियंत्रण कक्ष में अधिकारियों एवं कर्मियों की प्रतिनियुक्ति की गई है, जो परीक्षा से संबंधित सूचनाओं का संकलन एवं समन्वय करेंगे। 21 जून को सभी सात परीक्षा केंद्रों के आसपास भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 163 के तहत निषेधाज्ञा लागू रहेगी। साथ ही परीक्षा केंद्रों के आसपास संचालित फोटोस्टेट दुकानों को भी बंद रखने के निर्देश दिए गए हैं। परीक्षा के सफल संचालन हेतु जिला प्रशासन की ओर से अपर समाहर्ता (आपदा प्रबंधन) श्री नवीन कुमार तथा पुलिस प्रशासन की ओर से पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय) श्री संतोष कुमार पोद्दार को नोडल पदाधिकारी नामित किया गया है। दोनों अधिकारी परीक्षा अवधि के दौरान सभी व्यवस्थाओं की सतत निगरानी एवं समन्वय करेंगे। बैठक में सभी संबंधित अधिकारियों को एनटीए के दिशा-निर्देशों का अक्षरशः पालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया, ताकि परीक्षा पूर्णतः पारदर्शी, निष्पक्ष, सुरक्षित एवं कदाचारमुक्त वातावरण में संपन्न हो सके। बैठक में अपर समाहर्ता आपदा अररिया, सिविल सर्जन अररिया, जिला शिक्षा पदाधिकारी अररिया सहित संबंधित पदाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारी उपस्थित थे।
Araria, Araria | Jun 20, 2026