माजरा प्याऊ चौक को विधायक निधि से मिली 4.90 लाख की सौगात, शौचालय व पेयजल टैंक का हुआ शिलान्यास
नारनौंद। (राष्ट्रीय कदम) ब्यूरो: नारनौंद विधायक भाई जस्सी पेटवाड़ ने माजरा प्याऊ स्थित हांसी-जींद रोड के मुख्य चौक पर विधायक निधि से करीब 4 लाख 90 हजार रुपये की लागत से बनने वाले पुरुष एवं महिला शौचालय तथा पेयजल के मुख्य टैंक की आधारशिला रखी।
माजरा प्याऊ का यह चौक आसपास के करीब आधा दर्जन से अधिक गांवों के लोगों के लिए प्रमुख आवागमन केंद्र और बस स्टैंड के रूप में इस्तेमाल होता है। यहां से मोठ करनैल, मोठ रांगड़ान, लोहारी राघो, गढ़ी अजिमा, ढाणी कुम्हाराण और माजरा सहित आसपास के गांवों के ग्रामीण, यात्री और महिलाएं प्रतिदिन बड़ी संख्या में गुजरते हैं।
स्थानीय लोगों के अनुसार, चौक पर लंबे समय से महिला एवं पुरुष शौचालय और पीने के पानी जैसी मूलभूत सुविधाओं का अभाव था। यात्रियों की इस परेशानी को देखते हुए विधायक निधि से यह कार्य करवाया जा रहा है।
इस अवसर पर विधायक जस्सी पेटवाड़ ने कहा कि विकास का मतलब केवल बड़े प्रोजेक्ट तक सीमित नहीं है, बल्कि आम नागरिक की रोजमर्रा की छोटी-छोटी जरूरतों को पूरा करना भी उतना ही महत्वपूर्ण है। नारनौंद विधानसभा क्षेत्र के गांवों में मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध करवाना और आम जनता के जीवन को सुविधाजनक बनाना उनकी प्राथमिकता है।
स्थानीय लोगों ने इस कार्य के लिए विधायक का आभार जताते हुए उम्मीद जताई कि निर्माण पूरा होने के बाद यात्रियों, महिलाओं और ग्रामीणों को काफी राहत मिलेगी।
संपर्क सूत्र: 9138600008