अंतर्राष्ट्रीय बालिका दिवस पर शेखपुरा में कार्यक्रम आयोजित, उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राएं एवं महिला खिलाड़ी सम्मानित।
अंतर्राष्ट्रीय बालिका दिवस 11 अक्टूबर को लेकर आज दिनांक 16.10.2026 को शेखपुरा समाहरणालय स्थित मंथन सभागार में एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन श्री शेखर आनंद, जिला पदाधिकारी महोदय, शेखपुरा द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। साथ ही जिला पदाधिकारी महोदय को एवं अन्य उपस्थित पदाधिकारीगण को इस अवसर पर स्वागत गान और पौधा देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में बालिकाओं के अधिकार, शिक्षा, सुरक्षा, सम्मान एवं सशक्तिकरण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर जागरूकता बढ़ाने पर जोर दिया गया।कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला पदाधिकारी ने कहा कि किसी भी समाज और राष्ट्र की प्रगति का आकलन इस बात से किया जा सकता है कि वहां की बेटियों को कितने अवसर मिल रहे हैं। जब एक बेटी शिक्षित होती है, तो केवल एक व्यक्ति नहीं, बल्कि पूरा परिवार, समाज और आने वाली पीढ़ियां लाभान्वित होती हैं। उन्होंने कहा कि आज बेटियां शिक्षा, विज्ञान, खेल, प्रशासन, चिकित्सा, तकनीक और उद्यमिता सहित हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का परचम लहरा रही हैं। आवश्यकता इस बात की है कि उन्हें समान अवसर, उचित मार्गदर्शन और अपनी क्षमताओं को विकसित करने के लिए अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराया जाए। बेटियां किसी से कम नहीं हैं। उन्हें अवसर, विश्वास और आगे बढ़ने का हौसला दिया जाए, तो वे अपनी मेहनत एवं प्रतिभा के बल पर हर लक्ष्य हासिल कर सकती हैं। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य बालिकाओं को समान अवसर उपलब्ध कराने, उनके अधिकारों के प्रति जागरूकता बढ़ाने तथा समाज में उनके प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण विकसित करना था। साथ ही बालिकाओं को आत्मनिर्भर बनाने और उनके उज्ज्वल भविष्य के निर्माण का संदेश दिया गया।
इस अवसर पर अपर समाहर्ता, जिला परिवहन पदाधिकारी, अनुमंडल पदाधिकारी तथा सहायक निदेशक, सामाजिक सुरक्षा कोषांग ने भी अपने विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम के दौरान जिला पदाधिकारी ने जवाहर नवोदय विद्यालय, कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय तथा उच्च विद्यालय, मेहुस की छात्राओं के साथ संवाद किया और बालिकाओं की शिक्षा एवं उनके सर्वांगीण विकास के महत्व पर चर्चा की। कार्यक्रम के अंत में विभिन्न विद्यालयों में आयोजित प्रतियोगिताओं में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली छात्राओं को प्रमाणपत्र के साथ माहवारी स्वच्छता किट प्रदान की गई। इस पहल के माध्यम से किशोरियों में माहवारी स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने तथा उनके स्वास्थ्य एवं सम्मान को प्राथमिकता देने का संदेश दिया गया। इसके साथ ही शेखपुरा जिले में खेल के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली महिला खिलाड़ियों को भी विशेष रूप से सम्मानित किया गया। सम्मानित खिलाड़ियों में ड्रैगन बोट की रानी कुमारी, रग्बी की विनीता कुमारी, साधना कुमारी एवं प्रिया कुमारी, एथलेटिक्स की निशु कुमारी तथा ताइक्वांडो की आरोही सिंह, कृषिका राज और खुशबू कुमारी शामिल रहीं। इसके अतिरिक्त दौड़ में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली मुस्कान कुमारी को भी सम्मानित किया गया। सभी विजित प्रत्याभागियो को प्रशस्तिपत्र देकर भी सम्मानित किया गया। वहीं, रग्बी फुटबॉल की खिलाड़ी छोटी कुमारी को विशेष रूप से सम्मानित किया गया, जिन्होंने राष्ट्रीय स्तर पर पांच बार पदक जीतकर जिले का नाम रोशन किया है। वर्तमान में वे खेल कोटे से सरकारी नियुक्ति प्राप्त कर अपना योगदान दे रही हैं। इन खिलाड़ियों की उपलब्धियों को बालिकाओं के लिए प्रेरणास्रोत बताते हुए खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया गया। कार्यक्रम में, पुलिस अधीक्षक, अपर समहार्ता, जिला परिवहन पदाधिकारी, जिला प्रोग्राम पदाधिकारी, सहायक निदेशक, सामाजिक सुरक्षा कोषांग, सभी बाल विकास परियोजना पदाधिकारी, सहित विभिन्न विभागों के पदाधिकारीगण,कर्मी एवं विभिन्न विद्यालय से आयी छात्राएं उपस्थित रही।