दुर्गापूजा को लेकर शेखपुरा में प्रशासन अलर्ट, अपर समाहर्ता एवं पुलिस अधीक्षक ने निकाला फ्लैग मार्च।
आगामी दुर्गापूजा को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन शेखपुरा पूरी तरह सतर्क है। इसी क्रम में आज दिनांक 16 अक्टूबर 2026 को श्री लखींद्र पासवान, अपर समाहर्ता, शेखपुरा एवं श्री हिमांशु, पुलिस अधीक्षक, शेखपुरा के नेतृत्व में नगर परिषद् शेखपुरा क्षेत्र में फ्लैग मार्च निकाला गया। इस दौरान प्रशासनिक एवं पुलिस पदाधिकारियों ने शहर के विभिन्न प्रमुख चौक-चौराहों एवं संवेदनशील स्थानों का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। फ्लैग मार्च शेखपुरा परेड ग्राउंड से चांदनी चौक से प्रारंभ होकर बिचली गली, बुधौली चौक, कॉलेज मोड़ एवं जखराज स्थान होते हुए पटेल चौक और खाड़ पर के रास्ते समाहरणालय तक निकाला गया। इस दौरान आम नागरिकों को पर्व के अवसर पर शांति, सद्भाव एवं आपसी भाईचारा बनाए रखने का संदेश दिया गया। फ्लैग मार्च के माध्यम से प्रशासन ने यह स्पष्ट किया कि दुर्गापूजा के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखना तथा श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। फ्लैग मार्च के क्रम में अपर समाहर्ता एवं पुलिस अधीक्षक ने विभिन्न दुर्गापूजा पंडालों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान पूजा पंडालों में बिजली की व्यवस्था, सुरक्षा इंतजाम, बैरिकेडिंग, भीड़ नियंत्रण तथा श्रद्धालुओं की सुविधा से संबंधित व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया। पूजा समितियों के सदस्यों एवं संबंधित कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए सभी तैयारियां निर्धारित समय पर पूर्ण करने को कहा गया। संबंधित पदाधिकारियों ने पूजा समितियों को निर्देशित किया कि पंडालों में सुरक्षा एवं भीड़ प्रबंधन से संबंधित सभी आवश्यक इंतजाम सुनिश्चित किए जाएं, ताकि श्रद्धालुओं को पूजा-अर्चना के दौरान किसी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़े। साथ ही, किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए सतर्कता बरतने एवं प्रशासन के साथ समन्वय बनाए रखने पर जोर दिया गया।
दुर्गापूजा के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने तथा किसी भी आकस्मिक स्थिति से निपटने के लिए क्विक रिस्पांस (क्विक आर) टीम द्वारा सघन अभियान चलाया जा रहा है। प्रशासन के अनुसार, किसी प्रकार की समस्या उत्पन्न होने पर टीम द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए उसका निष्पादन किया जा रहा है। इससे पर्व के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को प्रभावी बनाए रखने तथा आम लोगों की समस्याओं का शीघ्र समाधान करने में सहायता मिलेगी।
निरीक्षण के दौरान अपर समाहर्ता महोदय ने खीरी पोखर में पानी भरने हेतु संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए। प्रशासन द्वारा पूजा से संबंधित आवश्यक व्यवस्थाओं को समय रहते पूरा करने पर विशेष जोर दिया जा रहा है, ताकि पर्व के दौरान किसी प्रकार की अव्यवस्था उत्पन्न न हो।
इस अवसर पर जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन ने जिलेवासियों से आगामी दुर्गापूजा को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने में सक्रिय सहयोग करने की अपील की। अधिकारियों ने लोगों से आपसी भाईचारा बनाए रखने, प्रशासन द्वारा जारी निर्देशों का पालन करने तथा किसी भी प्रकार की समस्या होने पर संबंधित अधिकारियों को सूचित करने का आग्रह किया।
इस अवसर पर अनुमंडल पदाधिकारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी सहित अन्य प्रशासनिक एवं पुलिस पदाधिकारी और पुलिस बल की उपस्थिति रही।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया कि दुर्गापूजा के दौरान सुरक्षा, विधि-व्यवस्था एवं श्रद्धालुओं की सुविधा सुनिश्चित करने के लिए सभी आवश्यक तैयारियों की निगरानी की जा रही है। प्रशासन का उद्देश्य जिले में पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं उल्लासपूर्ण वातावरण में संपन्न कराना है।