* पीथास में खबर का असर*
*पीथास में नालियों की बदहाली के बाद पंचायत ने शुरू करवाया सफाई अभियान*
*तीन बार टेंडर निकालने के बावजूद नहीं मिला ठेकेदार, अब पंचायत स्तर पर सफाई कार्य जारी*
पीथास : बृजमोहन सुवालका
मांडल पंचायत समिति क्षेत्र के पीथास गांव में लंबे समय से नालियों की सफाई नहीं होने से परेशान ग्रामीणों को राहत दिलाने के लिए ग्राम पंचायत ने अब सफाई अभियान शुरू करवा दिया है। पंचायत की ओर से सफाईकर्मियों को लगाकर नालियों में जमा कीचड़, गंदगी और कचरे को बाहर निकाला जा रहा है। साथ ही नालियों में पानी की निकासी सुचारु करने के लिए भी आवश्यक सफाई कार्य किया जा रहा है l सफाई अभियान शुरू होने से गांव में स्वच्छता व्यवस्था में सुधार की उम्मीद है। वहीं नालियों से आने वाली दुर्गंध, गंदगी और मच्छरों की समस्या से भी ग्रामीणों को राहत मिलने की संभावना है। ग्राम पंचायत प्रशासक छोटूसिंह चुंडावत ने बताया कि नालियों की नियमित सफाई के लिए पंचायत समिति मांडल की ओर से तीन बार टेंडर प्रक्रिया अपनाई जा चुकी है, लेकिन किसी भी ठेकेदार द्वारा टेंडर के लिए फॉर्म नहीं भरा गया। इसके चलते नियमित सफाई का ठेका नहीं हो सका। उन्होंने बताया कि टेंडर नहीं होने के कारण ग्राम पंचायत के सामने नियमित सफाई व्यवस्था बनाए रखना चुनौती बन जाता है। ऐसी स्थिति में पंचायत को अपने स्तर पर वैकल्पिक व्यवस्था करनी पड़ती है, जिससे नियमित रूप से नालियों की सफाई करवाना संभव नहीं हो पाता। ग्रामीणों की समस्या को देखते हुए फिलहाल ग्राम पंचायत द्वारा अपने स्तर पर सफाईकर्मियों को लगाकर नालियों की सफाई करवाई जा रही है।