मैं इस अवसर पर माननीय प्रधानमंत्री जी के प्रति आभार व्यक्त करना चाहूंगा, जिन्होंने देश की प्राथमिकताओं को चार प्रमुख वर्गों; महिला, युवा, गरीब और किसान में विभाजित कर उनके कल्याण पर विशेष ध्यान देने की प्रेरणा दी। हमने अपने पांच वर्षों के कार्यकाल को अलग-अलग प्राथमिकताओं के आधार पर नियोजित किया। पहले वर्ष में गरीबों और मजदूरों के कल्याण के साथ औद्योगिकीकरण को बढ़ावा देने पर ध्यान दिया, जबकि दूसरे वर्ष को किसानों के कल्याण के लिए समर्पित किया।
किसानों के सामने सबसे बड़ी समस्या यह है कि वे सरकार को एक इकाई के रूप में देखते हैं, जबकि सरकार के भीतर कृषि, सहकारिता, पशुपालन और मत्स्य पालन जैसे अनेक विभाग अलग-अलग कार्य करते हैं। इस कारण किसान तक योजनाओं का पूरा लाभ पहुंचाने में कठिनाई होती है। इस समस्या के समाधान के लिए हमने 16-17 संबंधित विभागों की संयुक्त बैठक बुलाई और निर्देश दिया कि सभी विभाग आपसी समन्वय से काम करें, ताकि प्रत्येक नीति और योजना का लाभ सीधे किसान तक पहुंचे। हमारा उद्देश्य था कि किसान के कल्याण को अलग-अलग हिस्सों में नहीं, बल्कि समग्र रूप से देखा जाए।
इसी समन्वित प्रयास का परिणाम है कि कृषि के साथ-साथ पशुपालन और मत्स्य पालन के क्षेत्र में भी उल्लेखनीय प्रगति हुई है। आज मध्यप्रदेश मत्स्य पालन के क्षेत्र में भी बेहतर स्थिति में है। इसका सकारात्मक प्रभाव राज्य की अर्थव्यवस्था पर भी पड़ा है। जब मैंने कार्यभार संभाला था, तब राज्य का बजट लगभग तीन लाख करोड़ रुपये था, जो अब बढ़कर चार लाख अड़तीस हजार करोड़ रुपये तक पहुंच गया है।
हमारा मानना है कि किसान का वास्तविक कल्याण तभी संभव है, जब सभी संबंधित विभाग मिलकर समन्वित प्रयास करें और योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाएं।
- डॉ. मोहन यादव, मुख्यमंत्री
Harda, Harda | Nov 11, 2026