ऊंचाई वाले इलाकों में ड्रोन से पहुंचेगी डाक
लाहौल घाटी के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में खराब मौसम के दौरान भी डाक सेवा को सुचारू रखने के लिए अब ड्रोन की मदद ली जाएगी। डाक विभाग ने मौसम की वजह से सड़क और पैदल मार्ग बाधित होने की स्थिति में ड्रोन से डाक पहुंचाने की योजना तैयार की है। इसके तहत घाटी की 11 शाखाओं तक ड्रोन के माध्यम से डाक पहुंचाने की व्यवस्था की जाएगी।
दुर्गम और बर्फबारी वाले क्षेत्रों में सर्दियों के दौरान डाक पहुंचाना विभाग के लिए बड़ी चुनौती रहता है। कई बार भारी बर्फबारी और खराब मौसम के कारण संपर्क मार्ग बंद हो जाते हैं, जिससे लोगों को जरूरी डाक और दस्तावेज मिलने में देरी होती है। ड्रोन सेवा शुरू होने से इन क्षेत्रों में डाक पहुंचाने में समय की बचत होने के साथ सेवा भी बाधित नहीं होगी।
विभाग की योजना के तहत मौसम की स्थिति और उड़ान की व्यवहारिकता को देखते हुए निर्धारित शाखाओं तक ड्रोन से डाक भेजी जाएगी। इससे ऊंचाई वाले क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को मौसम खराब होने पर भी डाक सेवा उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।
Kullu, Kullu | Sep 23, 2026