राजकीय बहुतकनीकी संस्थान कुल्लू में नागरिक सुरक्षा एवं अग्नि सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
राजकीय बहुतकनीकी संस्थान कुल्लू, सेउबाग में 7वीं वाहिनी होमगार्ड, कुल्लू के सहयोग से विद्यार्थियों एवं स्टाफ को नागरिक सुरक्षा, आपदा प्रबंधन एवं अग्नि सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से नागरिक सुरक्षा जागरूकता व्याख्यान एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया।कार्यक्रम में कमल भंडारी, कंपनी कमांडर, होमगार्ड ने विद्यार्थियों एवं स्टाफ को नागरिक सुरक्षा, आपातकालीन परिस्थितियों में तैयारियों तथा आपदा के समय अपनाए जाने वाले आवश्यक सुरक्षा उपायों के बारे में विस्तृत जानकारी प्रदान की। उन्होंने आपातकालीन परिस्थितियों में सतर्क रहने, धैर्य बनाए रखने तथा उपलब्ध संसाधनों का सही उपयोग करने पर जोर दिया।इस अवसर पर प्रेम भारद्वाज, फायर ऑफिसर, कुल्लू ने अग्नि सुरक्षा एवं आग की रोकथाम के उपायों के बारे में जानकारी दी। अग्निशमन विभाग की टीम द्वारा अग्नि सुरक्षा का व्यावहारिक प्रदर्शन भी किया गया, जिसमें विद्यार्थियों एवं स्टाफ को अग्निशामक यंत्रों के सही उपयोग तथा आग लगने की स्थिति में अपनाई जाने वाली सावधानियों एवं बचाव प्रक्रियाओं के बारे में समझाया गया।
कार्यक्रम के प्रारंभ में विवेक पठानिया, विभागाध्यक्ष, ऑटोमोबाइल इंजीनियरिंग ने मुख्य अतिथियों एवं अधिकारियों का स्वागत किया तथा विद्यार्थियों एवं स्टाफ के लिए इस महत्वपूर्ण जागरूकता एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम के आयोजन हेतु होमगार्ड एवं अग्निशमन विभाग का आभार व्यक्त किया।कार्यक्रम के समापन पर एर. विवेक पठानिया, विभागाध्यक्ष, ऑटोमोबाइल इंजीनियरिंग ने धन्यवाद प्रस्ताव प्रस्तुत किया। उन्होंने कमल भंडारी, कंपनी कमांडर, होमगार्ड, प्रेम भारद्वाज, फायर ऑफिसर, कुल्लू तथा अग्निशमन विभाग की पूरी टीम का बहुमूल्य मार्गदर्शन एवं व्यावहारिक प्रशिक्षण प्रदान करने के लिए आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम विद्यार्थियों एवं स्टाफ के लिए अत्यंत ज्ञानवर्धक एवं उपयोगी रहा। इससे प्रतिभागियों को नागरिक सुरक्षा, अग्नि सुरक्षा, आग से बचाव तथा आपातकालीन परिस्थितियों में प्रभावी ढंग से कार्य करने के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी एवं व्यावहारिक ज्ञान प्राप्त हुआ।
Kullu, Kullu | Sep 23, 2026