भागलपुर, 30 जून 2026. विश्व प्रसिद्ध श्रावणी मेला-2026 के सफल एवं सुव्यवस्थित आयोजन को लेकर जिलाधिकारी श्रीमती अलंकृता पाण्डेय एवं वरीय पुलिस अधीक्षक श्री प्रमोद कुमार यादव ने सुलतानगंज स्थित नमामि गंगे घाट, सीढ़ी घाट, बाबा अजगैबीनाथ मंदिर परिसर, कृष्णगढ़ नियंत्रण कक्ष तथा अन्य महत्वपूर्ण स्थलों का संयुक्त निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने संबंधित विभागीय पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कृष्णगढ़ नियंत्रण कक्ष के समीप जर्मन हैंगर स्थापित करने का निर्देश दिया। साथ ही बाबा चौक फोरलेन के निकट पिछले वर्ष की भांति इस वर्ष भी वाहन पार्किंग, बेहतर प्रकाश व्यवस्था एवं अन्य मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने सुल्तानगंज स्थित पथ निर्माण विभाग के निरीक्षण भवन का भी निरीक्षण कर आवश्यक मरम्मत एवं अन्य कार्य समय पर पूर्ण करने का निर्देश संबंधित अभियंताओं को दिया।
निरीक्षण के दौरान बिजली विभाग को बिजली के तारों की मरम्मत एवं ऊपर उठाने का निर्देश दिए। नगर परिषद सुलतानगंज को व्यापक साफ-सफाई, सभी नालों की उड़ाही तथा जल निकासी व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश दिए गए। संभावित जलजमाव वाले क्षेत्रों में मिट्टी भराई एवं आवश्यकतानुसार अस्थायी ड्रेनेज व्यवस्था विकसित करने का निर्देश दिए।
मीडिया को संबोधित करते हुए करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि इस वर्ष पर्यटन विभाग के सहयोग से लेजर शो, ड्रोन शो एवं अन्य आकर्षक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। संपूर्ण नगर क्षेत्र को भगवान शिव की थीम पर सजाया जाएगा तथा राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर के कलाकारों की प्रस्तुति भी होगी, जिससे श्रावणी मेला और अधिक भव्य एवं आकर्षक बनेगा।
उन्होंने बताया कि प्रशासन द्वारा विधि-व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण, श्रद्धालुओं की सुविधाओं, जर्मन हैंगर की स्थापना तथा उद्घाटन समारोह सहित सभी व्यवस्थाओं की संयुक्त रूप से लगातार समीक्षा की जा रही है। कच्ची कांवरिया पथ को भी श्रावणी मेला प्रारंभ होने से पूर्व पूरी तरह तैयार कर लिया जाएगा। डाक बम एवं सामान्य कांवरियों के आवागमन एवं निकासी के लिए विस्तृत रूट एवं मूवमेंट प्लान तैयार किया जा रहा है।
इस अवसर पर वरीय पुलिस अधीक्षक श्री प्रमोद कुमार यादव ने बताया कि सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि नमामि गंगे घाट सहित भीड़-भाड़ वाले सभी संवेदनशील स्थलों पर विशेष सुरक्षा व्यवस्था रहेगी। इस वर्ष 9 से 12 अस्थायी थाना स्थापित करने की योजना है। आवश्यकता के अनुसार अतिरिक्त हॉटस्पॉट एवं ब्लैक स्पॉट भी चिन्हित कर वहां अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी।
उन्होंने बताया कि श्रावणी मेला क्षेत्र में माउंटेड बटालियन (घुड़सवार पुलिस), बाइक पेट्रोलिंग एवं पैदल गश्ती की व्यापक व्यवस्था रहेगी। पिछले वर्ष जिन स्थानों पर रात्रि में प्रकाश व्यवस्था एवं सुरक्षा संबंधी शिकायतें प्राप्त हुई थीं, वहां इस बार अतिरिक्त पुलिस बल एवं बेहतर लाइटिंग की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।
वरीय पुलिस अधीक्षक ने कहा कि पिछले वर्ष लगभग 4,000 पुलिस बल की तैनाती की गई थी, जबकि इस वर्ष श्रद्धालुओं की संभावित अधिक संख्या एवं प्रस्तावित बड़े आयोजनों को देखते हुए लगभग 50 प्रतिशत अतिरिक्त पुलिस बल तैनात करने की योजना है। साथ ही अन्य बड़े धार्मिक आयोजनों के सुरक्षा मॉडल का अध्ययन कर आवश्यक व्यवस्थाएं भी लागू की जाएंगी।
निरीक्षण के दौरान सुलतानगंज के माननीय विधायक श्री ललित नारायण मंडल, अपर समाहर्ता (राजस्व) श्री दिनेश राम, अपर समाहर्ता (आपदा प्रबंधन) श्री कुंदन कुमार, अपर समाहर्ता श्री धीरेंद्र कुमार मिश्रा, अपर समाहर्ता (विधि-व्यवस्था) श्री राकेश रंजन, जिला गोपनीय शाखा प्रभारी श्री सुधीर कुमार, जिला योजना पदाधिकारी श्री मोनू कुमार, जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी श्री अंकित रंजन, निदेशक डीआरडीए श्री दुर्गा शंकर, नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी, नगर प्रबंधक श्री रविश कुमार वर्मा, प्रखंड विकास पदाधिकारी सुल्तानगंज एवं अंचलाधिकारी सुल्तानगंज सहित विभिन्न विभागों के पदाधिकारी एवं कार्यपालक अभियंता उपस्थित थे।
District Administration Patna
DM Darbhanga
District Administration, Madhubani
Madhepura District Administration
JEEVIKA Bihar
Bhagalpur Police
Banka District Administration